Saturday, October 24th, 2026

महाराष्ट्र : ‘लाडकी बहिन योजना’ के लिए शुल्क वसूलने वाले व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज

मुंबई
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने महाराष्ट्र सरकार की हाल में शुरू की गयी ‘मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिन (मेरी प्यारी बहन)’ योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं से पैसे लेने के आरोप में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है।

इस योजना के प्रपत्र को भरने के लिए कोई शुल्क नहीं है लेकिन एम ईस्ट वार्ड अधिकारी को सूचना मिली कि एक व्यक्ति इस योजना के लिए आवेदन करने की इच्छुक महिलाओं से 100 रुपये का शुल्क ले रहा है।

मुंबई नगर निकाय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि नगर निकाय प्रशासन की ओर से देवनार पुलिस थाने में  शिकायत दर्ज करायी गयी।

बीएमसी ने लोगों से इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा कराने के वास्ते कोई शुल्क न देने का आग्रह किया है।

हाल ही में राज्य विधानसभा में उपमुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा पेश किए बजट में इस योजना की घोषणा की गयी थी। इस योजना का उद्देश्य राज्य में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण में सुधार और परिवार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को मजबूत करना है।

इस योजना के तहत 21-65 आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह सहायता राशि मिलेगी। वे 31 अगस्त तक योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।

 

 

 

#Ladki Bahin Yojana

Source : Agency

पाठको की राय