Friday, October 23rd, 2026

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे की जान को खतरा, सरकारी और निजी आवास पर सुरक्षा बढ़ाई गई

 नई दिल्ली
 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जान को खतरा होने संबंधी विशिष्ट सूचना मिलने के बाद उनकी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। राज्य के खुफिया विभाग (SID) को शनिवार शाम को इस संबंध में जानकारी मिली है। जिसेक बाद पुलिस ने आनन फानन में मुख्यमंत्री के सरकारी और निजी आवास पर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी है।

राज्य के खुफिया आयुक्त आशुतोष डुंबरे ने मुख्यमंत्री की जान को खतरा होने संबंधी सूचना मिलने की पुष्टि की है। डुंबरे ने कहा, 'विशिष्ट सूचना के बाद हमने आवश्यक कदम उठाए हैं और मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ाई गई है।' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई गई है, जिन्हें 'जेड प्लस' श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

अधिकारी ने कहा कि शिंदे के ठाणे में निजी आवास और मुंबई में आधिकारिक आवास 'वर्षा' की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शिंदे पांच अक्टूबर को मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में पहली बार दशहरा रैली को संबोधित करने वाले हैं।

एकनाथ शिंदे इस साल जून में मुख्यमंत्री बने हैं। कई विधयकों के साथ बागी तेवर अपनाने वाले एकनाथ शिंदे के विद्रोह के कारण राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार गिर गई थी। जिसके बाद शिवसेना के बागी गुट ने बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाई है। एकनाथ शिंदे को इस साल की शुरुआत में नक्सलियों की ओर से धमकी भरा पत्र भेजा गया था।

 

 

#सीएम एकनाथ शिंदे

Source : Agency

पाठको की राय