Monday, October 19th, 2026

महाराष्ट्र: 50 फीसदी क्षमता के साथ खुले सकेंगे ब्यूटी सैलून और जिम

मुंबई
महाराष्ट्र सरकार ने रविवार को राज्य में सोमवार को 10 जनवरी से से लगाए जाने वाले प्रतिबंधों के अपने पहले आदेश को संशोधित कर दिया है। राज्य सरकार ने अब ब्यूटी सैलून और जिम को 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने की अनुमति दे दी है। सरकार ने शनिवार को एक नोटिफिकेशन जारी करते हुए सभी ब्यूटी सैलून, स्पा और जिम को बंद रखने का आदेश दिया था। सरकार ने केवल बाल काटने वाले सैलून को ही 50 फीसदी क्षमात के साथ संचालित करने की इजाजत दी थी। एक दिन बाद रविवार को सरकार ने अपने आदेश को संशोधित करते हुए ब्यूटी सैलून और जिम को उन संस्थानों की श्रेणी में रखा है जिन्हें लिमिटेशन के साथ काम करने की अनुमति दी गई है। हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि जिम और ब्यूटी सैलून के अंदर केवल पूरी तरह से वैक्सीनेटेड लोगों को ही अनुमति दी जाएगी।

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने रात 11 बजे सुबह 5 बजे चक नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। नाइट कर्फ्यू के अलावा सरकार की ओर से और भी कई पाबंदियां लगाईं गई हैं। राज्य सरकार ने स्कूल और कॉलेज को 15 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया है। शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित होंगे। महाराष्ट्र में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 41,434 नए मामले सामने आए और 13 रोगियों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 68,75,656 जबकि मृतकों की संख्या 1,41, 627 हो गई।  महाराष्ट्र में उपचाराधीन रोगियों की संख्या फिलहाल 1,73,238 है। शुक्रवार को राज्य में संक्रमण के 40,925 मामले सामने आए थे और 20 रोगियों की मौत हुई थी।  राज्य की राजधानी मुंबई में संक्रमण के 20,318 मामले सामने आए और पांच रोगियों की मौत हुई। वहीं, कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट की बात करें तो शनिवार को 133 नए केस सामने आए थे। इसी के साथ राज्य में ऐसे मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1009 हो गई। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में अब तक 439 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि ओमीक्रोन स्वरूप के नए मामलों में, पुणे शहर से 118, पड़ोसी पिंपरी-चिंचवाड़ से आठ, पुणे ग्रामीण से तीन, वसई-विरार से दो और अहमदनगर और मुंबई से एक-एक मामले सामने आए हैं। 
 

 

#Maharashtra

Source : Agency

पाठको की राय