Friday, October 23rd, 2026

महाराष्ट्र-बदलापुर यौन उत्पीड़न का आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, कल्याण कोर्ट ने सुनाया फैसला

मुंबई.

महाराष्ट्र के बदलापुर में कथित यौन उत्पीड़न मामले के आरोपी को कल्याण कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दरअसल, बदलापुर में एक स्कूल में चौथी कक्षा की दो लड़कियों के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था। इसके बाद नाराज लोग सड़कों पर उतर आए थे। 17 अगस्त को पुलिस ने लड़कियों के साथ कथित तौर पर उत्पीड़न करने के आरोप में स्कूल के एक अटेंडेंट को गिरफ्तार किया था।

23 अगस्त को स्कूल अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एसआईटी ने दोनों नाबालिग पीड़ितों और उनके माता-पिता के बयान भी दर्ज किए। इस बीच मामले को लेकर बढ़ते आक्रोश के बीच महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने सोमवार को कहा कि स्कूलों में सीसीटीवी की तरह ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पैनिक बटन भी लगाए जा सकते हैं।

विपक्ष पर साधा निशाना
मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केसरकर ने कहा कि स्कूलों में सीसीटीवी की तरह ही पैनिक बटन भी लगाए जा सकते हैं। हॉस्टल में भी पैनिक बटन लगाया जा सकता है। यह एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुंबई क्षेत्र के उपनिदेशक के नेतृत्व में जांच दल ने बदलापुर घटना की जांच की। जांच में विभिन्न विभागों के लोग शामिल थे। पुलिस तय करेगी कि किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। जिन लोगों की ओर से लापरवाही की गई, उन्हें सह-आरोपी बनाया गया है। उन्हें भी परिणाम भुगतने होंगे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अब आलोचना कर रहे हैं, उन्होंने अपने शासन के दौरान कुछ नहीं किया। हम कई कार्रवाई शुरू कर रहे हैं।

 

#Maharashtra-Badlapur#sexual harassment#accused judicial custody

Source : Agency

पाठको की राय