मध्य प्रदेश पंचायत चुनाव: सिर्फ 8 घंटे में 1.19 लाख ने भरा पर्चा, नामांकन में महिलाओं ने पुरुषों को पछाड़ा
भोपाल।
मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को सिर्फ आठ घंटों में 1.19 लाख से ज्यादा प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए पर्चा भरा। त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के तहत सोमवार रात 8 बजे तक 5 लाख 57 हजार 191 नाम नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। पंचायत चुनाव में महिला प्रत्याशियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राकेश सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 7794 अभ्यर्थियों में से 3557 पुरुष और 4236 महिला एवं एक अन्य अभ्यर्थी है। वहीं जनपद पंचायत सदस्य के लिए कुल 36,020 अभ्यर्थियों में से 15709 पुरुष और 20311 महिला अभ्यर्थी हैं। सरपंच पद के लिए कुल 1 लाख 40 हजार 109 अभ्यर्थियों में से 65 हजार 624 पुरुष और 74 हजार 476 महिला एवं 9 अन्य अभ्यर्थी हैं। पंच पद के लिए कुल 3 लाख 73 हजार 268 अभ्यर्थियों में से एक लाख 75 हजार 556 पुरुष, एक लाख 97 हजार 711 महिला और एक अन्य अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
10 जून को मिलेंगे चुनाव चिह्न
बात करें जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सबसे कम प्रत्याशियों की तो प्रदेश के हरदा जिले में सबसे कम 47 नामांकन प्राप्त हुए हैं, वहीं सर्वाधिक नामांकन रीवा में हुए हैं। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए रीवा में कुल 383 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिये नमांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 10 जून है। इसी दिन प्रत्याशियों के लिए चुनाव चिह्नों का भी आवंटन होगा।
इतने पदों के लिए हो रहा चुनाव
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश पंचायत चुनाव में पहले चरण के लिए मतदान 25 जून को, दूसरे चरण के लिए मतदान एक जुलाई और तीसरे चरण के लिये मतदान 8 जुलाई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। पंच-सरपंच तथा जनपद पंचायत सदस्य पद के लिये निर्वाचन परिणाम की घोषणा 14 जुलाई और जिला पंचायत सदस्य के लिए 15 जुलाई को होगी। जिला पंचायत सदस्य के 875, जनपद पंचायत सदस्य के 6,771, सरपंच के 22 हजार 921 और पंच पद के 3 लाख 63 हजार 726 पदों के लिए निर्वाचन होना है।

पाठको की राय