Friday, October 23rd, 2026

मध्य प्रदेश: महिलाएं आधी रात में उठीं तो उनके साथ बिस्तर पर सोया था होटल का वेटर; आरोपी गिरफ्तार

खंडवा
मध्य प्रदेश के एक होटल में दो महिलाओं के साथ गंदी हरकत किये जाने का मामला सामने आया है। एक एनजीओ की दो महिला कर्मचारियों के साथ रविवार को छेड़खानी की यह घटना हुई है। इनके साथ गलत काम करने का आरोप होटल के वेटर पर लगा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बालीराम के तौर पर हुई है। 22 साल के बालीराम पर आरोप है कि वो खिड़की के रास्ते उनके कमरे में घुसा था। दोनों महिलाएं कुछ काम के सिलसिले में खंडवा आई थीं। घटना के वक्त दोनों महिलाएं सो रही थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, आधी रात को जब उनकी नींद खुली तब उन्होंने देखा कि आरोपी बालीराम उनके बिस्तर पर सो रहा है। उन्होंने कमरे की बत्ती जलाई तो बालीराम दरवाजा खोल कर फरार हो गया और उन्हें कमरे में बंद कर दिया।

इसके बाद महिला ने रिसेप्शन पर फोन किया। होटल के कर्मचारी ने दरवाजा खोला और फिर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद होटल के सभी कर्मचारियों को होटल के ग्राउंड फ्लोर पर कतार में खड़ा किया गया और महिलाओं ने आरोपी को पहचान लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 458 के तहत गिरफ्तार किया गया है।  दोनों पीड़िता महिलाओं की उम्र 35 और 25 साल बताई जा रही है। इन दोनों ने भोपाल से अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान होटल में एक कमरा बुक किया था। जहां उनके साथ यह घटना हुई है। बहरहाल अब आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

#Madhya Pradesh

Source : Agency

पाठको की राय