Sunday, October 25th, 2026

मध्य प्रदेश: बिजली कंपनी के अधिकारी का तबादला हुआ तो घोड़ी पर भावविभोर विदाई

भोपाल
मध्य प्रदेश की एक बिजली कंपनी के एक अधिकारी को लोगों ने तबादला होने पर ऐसी विदाई दी कि वह उनके लिए यादगार बन गई। प्रदेश के निवाड़ी जिले के इस अधिकारी का सागर तबादला हुआ है और उनके साथ काम करने वाले स्टाफ व स्थानीय लोगों ने मिलकर जबरदस्त विदाई दी है। उन्हें न केवल गाजे-बाजे के साथ विदाई दी गई बल्कि दूल्हे की तरह घोड़ी पर बैठाकर विदा किया गया।

मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले में पृथ्वीपुर में श्रीकृष्ण माहौर पदस्थ थे और उनका कुछ दिन पहले ही सागर तबादला हुआ है। माहौर को पृथ्वीपुर से विदा करने के लिए उनके स्टाफ ने एक विदाई कार्यक्रम रखा जिसमें कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हुए। माहौर को यह पता नहीं था कि उन्हें आयोजित विदाई समारोह उनके लिए यादगार बन जाएगा। उन्हें केवल हार-फूल पहनाकर विदा नहीं किया गया बल्कि दूल्हे की बारात की तरह विदाई दी गई। इसका वीडियो भी लोगों ने बनाकर वायरल किया है।

घोड़ी पर बैठाकर दफ्तर से विदाई दी
निवाड़ी के पृथ्वीपुर विद्युत विभाग में पदस्थ सहायक अभियंता माहौर की विदाई के लिए दफ्तर के बाहर उन्हें विदा करने के लिए हार पहनाकर उनके संस्मरण सुने तथा लोगों ने उनके बारे में अपने विचार रखे। विदाई कार्यक्रम में माहौर को घोड़ी पर चढ़ाया गया और बारात की तरह आगे डीजे की धुनों पर नाचते-गाते लोग आगे-आगे चलते रहे।  

 

 

#Madhya Pradesh

Source : Agency

पाठको की राय