Sunday, October 25th, 2026

मध्य प्रदेश: पाकिस्तानी प्रेमी से शादी करने के लिए सरहद लांघने का प्रयास, वाघा सीमा पर पंजाब पुलिस ने पकड़ा

रीवा
'प्यार अंधा होता है' ये कहावत आम है। प्यार सोशल मीडिया पर हुआ हो तो उसके लिए लोग सरहदें भी लांघ जाते हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार को सामने आया। जहां रीवा की एक युवती को फेसबुक पर पाकिस्तानी युवक से प्यार हुआ तो उसने सरहद लांघने का फैसला कर लिया। हालांकि इससे पहले ही पंजाब पुलिस ने युवती को वाघा-अटारी बार्डर पर पकड़ लिया।

इसके बाद पंजाब पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस को युवती के बारे में सूचना दी। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को ही रीवा पुलिस युवती को बरामद करने के लिए पंजाब रवाना हो गई। रीवा पुलिस के अनुसार युवती 14 जून को लापता हुई थी। उसके परिजन ने सिटी कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी थी। साथ ही स्वजनों ने बताया कि जब से उनकी बेटी लापता है उन्हें पाकिस्तान के कुछ नंबरों से फोन आ रहे हैं। इसलिए उन्हें आशंका है कि उनकी बेटी पाकिस्तान भागने का प्रयास कर रही है। परिजन ने पुलिस से गुहार लगाई कि उनकी बेटी को सीमा पार करने से रोका जाए।

इस सूचना पर मध्य प्रदेश पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एसपी नवनीत भसी ने दूसरे ही दिन युवती के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करा दिया। साथ ही देश से बाहर जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सूचना भिजवा दी गई। सूचना मिलने के बाद गुरुवार को पंजाब पुलिस ने युवती को वाघा-अटारी बार्डर से बरामद कर लिया। इसके बाद युवती को अमृतसर जिले के घरिंडा थाना क्षेत्र की कहानगढ़ पुलिस चौकी भेज दिया गया। साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस को भी युवती के बरामद होने की जानकारी दे दी गई। युवती से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि फेसबुक पर उसे एक पाकिस्तानी युवक दिलशाद से प्यार हो गया था। वह उससे शादी करना चाहती है, इसलिए उसने पाकिस्तान जाने का निर्णय लिया। इसके बाद उसने बिना घरवालों को बताए अपना पासपोर्ट बनवा लिया। 22 जून को उसे पाकिस्तान का वीझा भी मिल गया था।

 

#Madhya Pradesh

Source : Agency

पाठको की राय