तीनों राज्यों में पकड़ाए आतंकियों के साथी की तलाश में मध्य प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल
भोपाल
मध्य प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल की पुलिस आधा दर्जन ऐसे आतंकियों की तलाश में है जो इन तीनों राज्यों में पकड़ाए आतंकियों के साथी है। तीनों राज्यों ने इनको वांटेड माना है और इनकी तलाश में कई जगह पर छापे डाले जा रहे हैं। इधर असम में गिरफ्तार हुए 6 आंतकियों से पूछताछ के लिए प्रदेश एटीएस की टीम जाएगी। तीनों राज्यों की पुलिस की आपस में हुई बातचीत के बाद यह भी सामने आया है कि इन तीनों प्रांतों में लगभग 6 आतंकी ऐसे हैं जो कॉमन हैं। इनकी तीनों ही राज्यों की पुलिस को तलाश है।
भोपाल और विदिशा से गिरफ्तार हुए प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जमात-ए- मुजाहिद्दीन बांग्लादेश ( जेएमबी) के 6 सदस्यों के साथियों की तलाश है। उन्हें पकड़ने में अब एटीएस की टीम जुट गई है। इनके सरगनाओं ने ही देश के कई प्रांतों में जेएमबी के सदस्यों को भेजा है। इनके सरगनाओं के देश में ही छुपे होने की सूचना एटीएस के पास है। आतंकियों से पूछताछ के बाद प्रदेश एटीएस की सूचना पर पश्चिम बंगाल एटीएस ने भी कुछ आंतकियों को गिरफ्तार किया था। इसमें से रफीक प्रदेश में भी वांडेट है। उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
इधर असम में भी जेएमबी के 6 सदस्य पकड़ाए हैं। इसमें से मोहम्मद सैफुल बांग्लादेश का रहने वाला है, जबकि बाकी के पांच असम के ही रहने वाले हैं। इनमें से सैफुल का कनेक्शन भोपाल में पकड़ाए आंतकियों से सामने आया है। इसलिए इसे भी यहां पर पूछताछ के लिए लाया जा सकता है।
इनमें से तीन को जेएमबी के देश में सरगना के रूप में माना जा रहा है, जबकि बाकी के तीन इन तीनों राज्यों में रहे और इसके बाद वे अन्य जगह पर चले गए। ये कहां गए, इसकी जानकारी भोपाल में पकड़े गए आतंकियों को भी नहीं है।
केंद्रीय जेल प्रशासन को अलर्ट
सोमवार को फजहर अली, मोहम्मद अकील, जहूरउद्दीन, फजहर जैनुल आबदीन और अब्दुल करीम को केंद्रीय जेल भेजा गया है। इससे पहले जेएमबी के एक अन्य सदस्य सहवान खान को भी जेल भेजा गया है। एक साथ 6 आतंकियों के जेल में दाखिल होने के चलते पुलिस मुख्यालय ने केंद्रीय जेल भोपाल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। आतंकियों पर लगातार नजर रखने का भी जेल प्रशासन को कहा गया है।

पाठको की राय