Monday, October 19th, 2026

मध्य प्रदेश: 14000 पार हुए एक्टिव केस, इंदौर-भोपाल में पचास फीसदी मरीज

भोपाल
मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण फैल रहा है और मंगलवार को फिर 3639 पॉ़जिटिव मरीज मिले। इंदौर और भोपाल में प्रदेश के पचास फीसदी कोरोना पॉजिटिव मरीज आ रहे हैं और एक्टिव मरीजों में भी इन दोनों शहरों में प्रदेश की आधी संख्या मौजूद है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कोरोना संक्रमण और वैक्सीनेशन को लेकर बताया है कि प्रदेश में मंगलवार को 3639 नए कोरोना पॉ़जिटिव केस सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर अब प्रदेश में 14413 एक्टिव केस हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि अब कोरोना की जांच की संख्या 80 हजार तक पहुंच गई है जिसके लिए काफी समय से प्रयास किए जा रहे थे। इससे कोरोना संक्रमितों को जल्द उपचार शुरू हो पाएगा।

भोपाल-इंदौर में आधी संख्या में मरीज
यहां उल्लेखनीय है कि कोरोना के नए मरीज और एक्टिव केस की संख्या सबसे ज्यादा भोपाल-इंदौर में है और इन दोनों शहरों में आधी संख्या प्रदेश के संक्रमित मरीजों की बनी हुई है। मंगलवार को 3639 नए केस में से इंदौर में 1169 और भोपाल में 572 कोरोना के नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा ग्वालियर में भी 502 नए मरीज आए है। इंदौर में अब एक्टिव केस की संख्या 4825, भोपाल में 2441 व ग्वालियर में 1691 एक्टिव मरीज मौजूद हैं।

 

 

#Madhya Pradesh

Source : Agency

पाठको की राय