लुधियाना: एक बार की चोरी, दूसरी बार पहुंचा तो लोगों ने पकड़ पुलिस काे साैंपा
लुधियाना
दरेसी के इलाके में दूसरी बार वारदात करने आए चाेर काे लोगों ने धर दबोचा। आरोपित की पहचान भटिया वेट निवासी रविंदर सिंह के रूप में हुई है। बस्ती जोधेवाल के रहने वाले मोहम्मद अंसारी ने बताया कि वह सिलाई का काम करता है और बेहड़े में किराये के कमरे में रहता है। 26 नवंबर को वह किसी काम से कहीं गया था। जब लौटकर आया तो उसके कमरे से 6 कपड़े वाले बैग, गैस सिलेंडर व जरूरी दस्तावेज चोरी हो चुके थे। उसने गली में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें दो युवक नजर आए। मोहम्मद अंसारी ने बताया कि उसने दोनों की फोटो बिल्डिंग में रहने वाले सभी लोगों को पहचान करवाने के लिए दिखाई। इसके बाद 14 दिसंबर की शाम दोनों आरोपित फिर से बेहड़े में किसी कमरे में चोरी करने पहुंचे थे। लोगों ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में एक हैरानी की बात सामने आई है। मौके पर शिकायतकर्ता व लोगों का कहना है कि उन्होंने दो चोरों को काबू कर पुलिस के हवाले किया था। जबकि पुलिस का कहना है कि उन्होंने सिर्फ एक आरोपित को ही गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है।

पाठको की राय