Tuesday, October 20th, 2026

लखनऊ विश्वविद्यालय : जनवरी से पहले मेधावियों को नहीं मिलेंगे मेडल

लखनऊ

लखनऊ विश्वविद्यालय के ज्यादातर दावे खोखले ही साबित होते हैं जिसका ताजा उदाहरण है मेडल वितरण। पहले तो खूब वाहवाही लूटी गई कि दीक्षांत समारोह सीमित रखा जाएगा और उसके बाद विभागवार मेडल बांटे जाएंगे लेकिन अब स्थिति यह है कि दीक्षांत के लगभग एक महीने बाद भी सभी विभागों के मेधावी अपने मेडल का इंतजार कर रहे हैं।

विभागवार जो मेडल अब तक नहीं बंटे हैं, उनका जनवरी 2022 से पहले बंटना संभव भी नहीं है क्योंकि अभी तक इनके प्रमाण पत्र ही तैयार किए जा रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. एमके सक्सेना ने बताया कि सर्टिफिकेट तैयार हो रहे हैं और इसी हफ्ते में सभी संकायाध्यक्षों को उपलब्ध भी करा दिए जाएंगे। हालांकि इसके बाद भी छात्रों को मेडल अभी नहीं मिलेंगे क्योंकि 25 दिसम्बर से 2 जनवरी तक लखनऊ विश्वविद्यालय में शीतकालीन अवकाश रहेगा। उसके बाद ही यह प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, तब तक छात्र-छात्राओं का इंतजार जारी रहेगा।

बीते वर्ष के मेडल बंट गए
कुछ दिन पहले ही प्रख्यात लोकगायिका मालिनी अवस्थी को उनका गोल्ड मेडल दिया गया था जिसकी घोषणा बीते वर्ष शताब्दी समारोह में हुई थी। इसके बाद ही परीक्षा नियंत्रक ने सभी विभागों से यह जानकारी मांगी थी कि किस-किस विभाग में अभी बीते वर्ष के मेडल बंटने बाकी हैं। अब परीक्षा नियंत्रक का यह दावा है कि बीते वर्ष के सभी मेडल बांटे जा चुके हैं

 

#लखनऊ विश्वविद्यालय

Source : Agency

पाठको की राय