लखनऊ पीजीआई: जांच व ऑपरेशन में कोविड जांच की अनिवार्यता खत्म, करना होगा इन नियमों का पालन
लखनऊ
कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इसके मद्देनजर पीजीआई प्रशासन ने मरीजों को और राहत दी है। अब भर्ती, जांच व ऑपरेशन से पहले कोविड की आरटी-पीसीआर जांच की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है।
पीजीआई में चरणबद्ध रूप में मरीज व उनके तीमारदारों की कोविड आरटी-पीसीआर जांच की अनिवार्यताओं में ढील दी गयी थी। ओपीडी में डॉक्टर की सलाह के लिए कोविड की नेगेटिव रिपोर्ट की अनिवार्यता को पहले ही समाप्त कर दिया गया था। पीजीआई पीआरओ कुसुम के मुताबिक गुरुवार को नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत जिन मरीजों को कोविड के लक्षण नहीं है। उन्हें जांच, भर्ती, ऑपरेशन के लिए भी कोविड की आरटी-पीसीआर व ट्रूनैट जांच की आवश्यकता नहीं होगी। परिसर में दाखिल होने के लिए किसी भी तरह की कोविड जांच की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल परिसर व संस्थान के विभिन्न विभागों में प्रवेश पूर्व की भांति सीमित रहेगा।
इन नियमों का पालन करना होगा
-ओपीडी, वार्ड व अन्य जांच ब्लाक में मरीज संग एक तीमारदार को ही प्रवेश की अनुमति है।
-संस्थान के डॉक्टर, पैरा मेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को भी विभिन्न प्रवेश द्वार पर अपना आईडी कार्ड दिखाना होगा।
-अस्पताल परिसर में सभी को कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन करना होगा
-दो मीटर की दूरी बनाए रखना होगा।
-मास्क का प्रयोग और हाथों को धोना शामिल है।

पाठको की राय