Thursday, October 22nd, 2026

लखनऊः पत्रकार चंदन प्रताप सिंह का कोरोना से निधन, शव लेने नहीं आए परिजन

लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीमारी के चलते पत्रकार चंदन प्रताप सिंह का निधन हो गया। चंदन मशहूर दिवंगत टीवी पत्रकार सुरेंद्र प्रताप सिंह (एसपी सिंह) के भतीजे थे। बताया जा रहा है कि वह कोरोना से संक्रमित थे। उन्हें लखनऊ के गोमतीनगर में अपने कमरे में मृत पाया गया, जहां वह अकेले रहते थे। चंदन का शव लेने के लिए उनका कोई रिश्तेदार नहीं आया, जिसके बाद गोमतीनगर थाने के पुलिसकर्मियों ने उन्हें कंधा दिया और उनका अंतिम संस्कार किया। जानकारी के मुताबिक, चंदन काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें कोरोना से संक्रमित भी बताया जा रहा है। वह गोमतीनगर में किराये के कमरे में अकेले रहते थे। गुरुवार को उन्हें अपने कमरे में ही मृत पाया गया था। मकान मालिक की सूचना के बाद पुलिस ने उनके शव को अपने कब्जे में ले लिया। चंदन के परिजन के बारे में कोई जानकारी न मिलने के बाद सोशल मीडिया के जरिए पुलिस ने एक अपील जारी की। इसमें उनके परिजन से संपर्क कराने को कहा गया था।

पुलिसकर्मियों ने दिया कंधा
बताया गया कि चंदन प्रताप सिंह के फोन से उनके परिजन से संपर्क करने की कोशिश की गई। उनके किसी रिश्तेदार से बात भी हुई लेकिन उन्होंने लखनऊ पहुंचने में असमर्थता जताई। इसके बाद पुलिस ने अपना फर्ज निभाते हुए खुद पत्रकार का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। गोमतीनगर थाने में तैनात एसआई दयाराम साहनी, अरुण यादव, राजेंद्र बाबू और प्रशांत सिंह ने चंदन को कंधा दिया।

एसपी सिंह के भतीजे थे चंदन
चंदन प्रताप सिंह ने न्यूज एक्सप्रेस, टोटल टीवी और न्यूज 17 जैसे संस्थानों में काम किया है। फिलहाल, वह लखनऊ के गोमतीनगर में एक वेब पोर्टल में काम करते थे। वह मशहूर टीवी पत्रकार सुरेंद्र प्रताप सिंह के भतीजे थे। बताते हैं कि चंदन अपने माता-पिता की मौत पर भी अपने घर नहीं गए थे। इसके अलावा कई अन्य मनभेदों के चलते उनके परिवार ने उनके साथ अपने सारे संबंध तोड़ लिए थे।

 

 

#Lucknow

Source : Agency

पाठको की राय