Tuesday, October 27th, 2026

लखनऊ: जगद्गुरु परमहंस लुलु मॉल का शुद्धिकरण करने पहुंचे, रोकने पर पुलिस से विवाद

लखनऊ
लखनऊ के लुलु मॉल में नमाज पढ़ने के बाद शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को मॉल के शुद्दिकरण के लिए जगद्गुरु परमहंस पहुंचे। इस दौरान पुलिस के रोकने पर उनसे विवाद भी हो गया। परमहंस को पुलिस ने फिलहाल हिरासत में ले लिया है। परमहंस ने कहा कि वह नमाज वाली जगह के शुद्धिकऱण के लिए आए हैं। पुलिस के रोकने पर विरोध भी जताया। कहा कि हमने भगवा पहना हुआ है इसलिए रोका जा रहा है। वहां पर विवाद बढ़ता देख पुलिस परमहंस को अपने साथ लेकर गई।

उत्तर भारत के सबसे बड़े मॉल में शुमार लुलु का उद्घाटन पिछले दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया था। उद्घाटन के बाद बकरीद पर यहां कुछ लोगों ने नमाज पढ़ी थी। नमाज का वीडियो वायरल होते ही हंगामा शुरू हो गया था। मॉल प्रबंधन ने नमाज से पल्ला झाड़ लिया था। सीएम योगी की सख्ती के बाद मंगलवार की सुबह ही नमाज पढ़ने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इसी बीच मंगलवार की दोपहर जगद्गुरु परमहंस मॉल पर पहुंच गए। अंदर जाने का कारण पूछा गया तो कहा कि जहां पर नमाज पढ़ी गई थी, उसका शुद्धिकरण जरूरी है। उन्होंने शुद्धिकरण की बात कही तो पुलिस ने जाने से रोक दिया। इस पर परमहंस आक्रोशित हो गए। परमहंस ने कहा कि वह लोग नमाज पढ़ने जाते हैं तो जाने दिया जाता है, लेकिन हमें रोका जा रहा है। यहां तक कहा कि मुझे भगवाधारी होने के कारण रोका जा रहा है। कहा कि मैं अकेले आया हूं फिर भी मुझे नहीं जाने दिया जा रहा है। जगद्गुरु ने कहा कि आप यहां पर ताला लगा दो ताकि कोई नहीं जाए। 

 

#Jagadguru Paramhans

Source : Agency

पाठको की राय