Monday, October 26th, 2026

लखनऊ: आटो चालक की ईंट से प्रहार कर हत्‍या, अवैध टैम्‍पो स्‍टैंड चलाने वाले से हुई थी झड़प

लखनऊ
पीजीआई थाना क्षेत्र में बीती रात आटो चालक सुभाष चंद्रपाल (25) सेक्टर पांच वृंदावन डूडा कालोनी अपने घर की ओर आटो लेकर जा रहा था। जैसे ही रायबरेली रोड उतरटिया बाजार पहुंचा तभी कार व बाइक सवार लगभग पांच युवकों ने आटो में डंडा मारकर रुकवा लिया। इसके बाद आटो से सुभाष को बाहर खींचा और वहीं पड़े एक भारी पत्थर से उसे कूच कर लहूलुहान कर सभी भाग निकले। इलाज के दौरान मेडिकल कालेज में उसकी मौत हो गई।

घटना लगभग 12:15 बजे की है। सुभाष चंद्र पाल आटो लेकर वृंदावन कालोनी स्थित अपने घर डूडा कालोनी जा रहा था। वह उतरेटिया बाजार एल्डिको चौकी के पास पहुंचा ही था कि बाइक व कार सवार बदमाशों ने उसे डंडा मारकर रुकवा लिया। इसके बाद उसके ऊपर भारी भरकम पत्थर से हमला कर उसे लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर उसे मेडिकल कालेज ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

मृतक के भाई रवि ने बताया कि एक महीने पहले अवैध रूप से आटो स्टैंड चलाने वाले चंदन मिश्रा से आटो स्टैंड चलाने को लेकर झगड़ा हुआ था। पिछले दो-तीन दिनों से वह लोग भाई को मारने के फिराक में लगे थे। कल आखिर घटना उन्होंने कर दी। दो दिन पहले भी वृंदावन कालोनी में घेराबंदी कर मारने का प्रयास किया था। पिछले कई वर्षों से शहीद पथ के नीचे अवैध रूप से आटो स्टैंड चल रहा है। कई घटनाएं भी हो चुकी हैं जबकि स्थानीय पुलिस सहित ट्रैफिक पुलिस भी वहां रहती है। इंंस्पेक्टर पीजीआई देवेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के भाई से तहरीर मिली है। पांच लोग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं हत्या के समय जिस ईंट का इस्तेमाल किया गया था उसे भी कब्जे में ले लिया गया है।

 

#Lucknow

Source : Agency

पाठको की राय