Wednesday, October 21st, 2026

लखनऊ और अहमदाबाद होंगी IPL की दो नई टीमें

नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की दो नई टीम का ऐलान कर दिया है। आरपीएसजी ग्रुप ने 7000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बोली लगाकर लखनऊ फ्रैंचाइजी हासिल की, जबकि सीवीसी कैपिटल ने 5,200 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अहमदाबाद फ्रैंचाइजी हासिल की। आईपीएल 2022 सीजन के लिए दो नई टीमों के लिए दुबई के ताज दुबई होटल में संपन्न हुई बोली में दस पार्टियां उपस्थित रहीं। गोयनका दो साल के लिए पुणे फ्रैंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (आरपीएस) के मालिक रहे हैं।

लखनऊ के लिए संजीव गोयनका ग्रुप की ओर से करीब 7000 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है, पहले भी वह आईपीएल में राइज़िंग पुणे जाइंट्स को खरीद चुके हैं. जबकि अहमदाबाद के लिए करीब 5600 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है, जो कि विदेशी कंपनी सीवीसी ग्रुप ने लगाई है.

बीसीसीआई को आईपीएल की दो नई टीमों से करीब 7 से 10 हजार करोड़ रुपये तक की कमाई की उम्मीद थी, लेकिन ये कमाई 12 हजार करोड़ के पार चली गई है. संजीव गोयनका ग्रुप ने इतनी बड़ी बोली लगाकर हर किसी को हैरान कर दिया है.

आईपीएल टीमों की रेस में कुल 6 शहरों के नाम थे, जिनमें अहमदाबाद, लखनऊ, कटक, धर्मशाला, गुवाहाटी, इंदौर का नाम शामिल था. जिसकी भी सबसे अधिक बोली होती है, उसके पास ही अपना शहर और टीम चुनने की आज़ादी होती है. बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली ने इस बिंडिग के बाद कहा कि हमें खुशी है भारतीय क्रिकेट आगे बढ़ रहा है, ये हमारे लिए काफी अहम है.

कौन-कौन था रेस में?

आईपीएल की दो नई टीमों को खरीदने के लिए कई नाम सामने आए थे. RPSG के संजीव गोयनका, मैनचेस्टर यूनाइटेड के मालिक ग्लेज़र फैमिली, नवीन जिंदल, अडानी ग्रुप, कोटाक ग्रुप, सीवीसी पार्टनर, ग्रुप-एम, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण समेत कई नाम नई टीमों को खरीदने की रेस में थे. लेकिन अंत में गोयनका ग्रुप और सीवीसी पार्टनर ने बाज़ी मार ली.

ऐसा पहली बार नहीं होगा जब आईपीएल में 10 टीमें हिस्सा लेंगी, इससे पहले 2011 में ऐसा हो चुका है. तब पुणे वॉरियर्स, कोच्चि टस्कर्स को शामिल किया गया था. कोच्चि को एक सीजन के बाद ही हटा दिया गया था क्योंकि कुछ विवाद हुआ था. लेकिन 2014 के बाद से ही आईपीएल में फिर से 8 टीमों की वापसी हो गई थी.

 

 

#IPL की दो नई टीमें

Source : Agency

पाठको की राय