Monday, October 19th, 2026

लव मैरिज करने कोर्ट पहुंचा प्रेमी जोड़ा, एसडीएम कोर्ट में शादी करने आए युवक से मारपीट

खंडवा
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक आशिक को प्यार करना महंगा पड़ गया. अपनी प्रेमिका के साथ शादी के फेरे के लिए घर से निकले आशिक को थाने का ऐसा फेरा लगा कि उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया. बेड़ियांव का रहने वाला 22 वर्षीय अखिलेश अपनी 20 वर्षीय सूरजकुंड की रहने वाली गर्लफ्रैंड को लेकर विवाह रचाने मंगलवार को खंडवा एसडीएम कार्यालय जैसे ही पहुंचा लड़की के परिजन यहां आ धमके. युवती के परिजन प्रेमी जोड़े के इस शादी के खिलाफ थे. लिहाजा पहले दोनों प्रेमी जोड़े को परिजनों ने समझाया, फिर उन्हें मनाया, लेकिन दोनों ही अपनी बात पर अड़े रहे. इसलिए परिजनों ने इस प्रेमी जोड़े को अलग करने के लिए इनकी पिटाई शुरू कर दी.

देखते ही देखते पल भर में पूरा एसडीएम कार्यालय का परिसर अखाड़े में तब्दील हो गया. लड़की के परिजन युवती और युवक के साथ लकड़ी, चप्पल, जूता और पत्थर का जमकर प्रयोग करते हुए इन्हें अलग करने की कोशिश करने लगे. युवक के साथ लोगों ने जमकर मारपीट की. दूल्हा बनने का अरमान संजोए अखिलेश ने भी राहुल नाम के युवक के साथ मारपीट की. राहुल ने अपने साथ हुई मारपीट को लेकर दूल्हा बनने आए अखिलेश के खिलाफ खंडवा कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया है.

युवती के परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
युवती के परिजनों की शिकायत पर खंडवा कोतवाली पुलिस ने युवक अखिलेश के खिलाफ धारा 151 के तहत खंडवा कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया और युवक को सलाख़ों के पीछे भेज दिया. सेहरा पहनकर दूल्हे बनने का ख्वाब लिए अखिलेश निकला तो घर से था, शाम ढ़लते ही वह सलाखों के पीछे भेज दिया गया.

 

#SDM court

Source : Agency

पाठको की राय