Saturday, October 24th, 2026

माता-पिता की मंजूरी से ही हो लव मैरिज, कानून न बना तो करेंगे आंदोलन: खाप

चंडीगढ़

हरियाणा के खाप ने केंद्र सरकार से मांग की है कि लव मैरिज को लेकर संसद में कानून बनाया जाए और इसमें मां-बाप की सहमति को अनिवार्य कर दिया जाए। इसके अलावा लिव-इन-रिलेशनशिप सिस्टम को खत्म कर दिया जाए। खाप ने अल्टिमेटम देते हुए कहा कि अगर सरकार उनकी बात नहीं सुनती है तो वे विरोध प्रदर्शन शुरू कर देंगे। कांडेला, माजरा, नौ गामा, बिनैन, कलवा तापा और थुवा काप ने ये मांगें सरकार के सामने रखी हैं।

खाप के नेताओं का कहना है कि अगर एनडीए सरकार दोनों मामलों को लेकर कानून नहीं बनाती है तो विपक्षी दलों को लोकसभा में ये मांग उठानी चाहिए। माजरा खाप के प्रवक्ता ने कहा, लव मैरेज या फिर कोर्ट मैरेज पर हमें आपत्ति नहीं है लेकिन इसके लिए मां-बाप से इजाजत  लेनी जरूरी होनी चाहिए। उन्होंने कहा, जब एक पिता अपनी बेटी को पाल-पोषकर बड़ा करता है और इसके बाद वह भाग जाती है तो बहुत दुख होता है। अपने साथ वह आधार कार्ड ले जाती है और मां-बाप की उम्मीदों पर पानी फेर देती है। इसलिए केंद्र सरकार को इसको लेकर कानून बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शादी की उम्र की सीमा को भी कम किया जाना चाहिए। सरकार को लड़कियों की शादी की उम्र घटाकर 16 साल कर देनी  चाहिए। वहीं माजरा खाप के गुरविंदर सिंह संधू ने कहा कि 24 खाप पंचायतों की मांग है कि लिव इन रिलेशनशिप ने समाज में गंदगी फैला दी है और इसे गैरकानूनी घोषित करना चाहिए। बता दें कि हरियाणा में अकसर ऑनर किलिंग के मामले सामने आते हैं। हाल ही में हांसी में एक कपल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो महीने पहले ही उन्होंने लव मैरेज की थी।

 

 

#love marriage

Source : Agency

पाठको की राय