Sunday, October 25th, 2026

50 हजार का फोन 10 हजार खरीदने के चक्कर में गंवाए 12 हजार रुपये

बाजपुर
इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्म फेसबुक के जरिये ऑनलाइन आईफोन की खरीद फरोख्त करने के चक्कर में एक युवक करीब साढ़े 12 हजार रुपये की ठगी का शिकार हो गया। सोशल मीडिया पर बहुत से ठग सक्रिय रहते हैं। वह आपको महंगी चीज बहुत सस्ते में देने का लालच देकर आपकी गाढ़ी कमाई साफ कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि ब्रांडेड वेबसाइट पर ही शापिंग करें ऐसे ही किसी के झांसे में न आएं और जब तक पूरा भराेसा न हो या वैसे भी पूर्व भुगतान से बचें। फेसबुक पर आइफोन के चार गुना कम कीमत के चक्कर में ऐसे ही ठगी हुई है।

ग्राम मझरा खंबारी निवासी राजीव सिंह पुत्र जगत सिंह ने तहरीर में कहा है कि फेसबुक के मार्केट प्लेस पर आईफोन-11 को बेचने के लिए संजय सिंह नामक व्यक्ति ने विज्ञापन अपलाेड किया था। आईफोन पसंद आने पर राजीव ने उसे खरीदने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जिसमें 10500 रुपये में सौदा हो गया। आरोपित ने फोन की डिलीवरी के लिए 500 रुपये भेजने के लिये अपना गुगल पे मोबाइल नंबर दे दिया। जिसमें राजीव ने 9 जुलाई को अपने मित्र गौतम के फोन से 490 रुपये सेंड कर दिए।

फोन न मिलने पर उसने आरोपित से बात की तो वह कहने लगा कि फोन की आधी से अधिक कीमत भेजो तभी फोन डिलीवर किया जाएगा। इस पर राजीव ने आरोपित द्वारा उपलब्ध करवाए गए क्यू आर कोड के जरिये 13 जुलाई को अपने मित्र सूरज सिंह के फोन से 6198 रुपये ट्रांजेक्शन कर दिए। इसके बाद उसने फिर पैसों की मांग की तो राजीव ने अपने तीसरे मित्र शिव सिंह की आईडी से 6000 रुपये की ट्राजेक्शन कर रकम भेज दी गई, लेकिन इसके बाद भी उसे आईफोन प्राप्त नहीं हुआ। आरोप है कि जब राजीव ने आरोपित को फोन करके आईफोन भेजने के लिए कहा तो वह आठ हजार रुपये और भेजने के लिए कहने लगा। तब जाकर उसे ठगी का ऐहसास हुआ, लेकिन तक वह 12688 रुपये की रकम गंवा चुका था। तहरीर में आरोपित पर उसके साथ धोखाधड़ी करने व पैसे वापस मांगने पर गाली-गलौज कर धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

 

#Lost 12 thousand rupees

Source : Agency

पाठको की राय