Friday, October 23rd, 2026

अहमदाबाद में सिविल अस्पताल के बाहर एंबुलेंस की लंबी कतारें, केस बढ़ने से पैनिक

अहमदाबाद
देशभर में कोरोना वायरस ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार कोरोना के बढ़ते मामले सामने आ रहे हैं। कई राज्यों और उनके शहरों में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस से पैनिक का माहौल पैदा हो गया है। इस बीच गुजरात के अहमदाबाद में भी हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के हवाले से खबर है कि अहमदाबाद में सिविल अस्पताल के बाहर एंबुलेंस की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।  एंबुलेंस आपातकालीन सेवा 108 के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल वेटिंग टाइम बढ़ गया है। पिछले 10 दिनों से एंबुलेंस का इमरजेंसी फ्लो बढ़ गया है, हर दिन लगभग 4500 से अधिक मामले देखने को मिलते हैं। उनमें से अधिकांश कोरोना वायरस के रोगी होते हैं, यही कारण है कि वर्तमान सेवा में 60 और एम्बुलेंसों को जोड़ा गया है।

आपको बता दें कि मंगलवार को गुजरात में कोरोना वायरस के कुल के 6,690 नए मामले सामने आए, जो कि प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या थी। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले बढ़कर अब 3,60,206 हो गए।  वहीं, राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि मंगलवार को इस खतरनाक वायरस से 67 और मरीजों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 4,922 पर पहुंच गई। इसके अलावा राज्य की राजधानी अहमदाबाद में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2,251 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक कोरोना के 3,20,729 मरीज ठीक हो चुके हैं और अभी 34,555 मरीज उपचाराधीन हैं। गुजरात में अब तक 84.04 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की पहली खुराक और 11.61 लोगों को दूसरी खुराक भी दी जा चुकी है।  

 

 

#अहमदाबाद

Source : Agency

पाठको की राय