Tuesday, October 20th, 2026

आपूर्ति अधिकारी व् क्लर्क को रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस ने गिरफ्तार किया

सागर
 लोकायुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में शासकीय जिला आपूर्ति कार्यालय में छापामार कार्यवाही करते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी आरके श्रीवास्तव एवं उनके क्लर्क महेश गंगेले को गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त ने दावा किया है कि दोनों लोग शासकीय सेवक होते हुए सरकारी ऑफिस में रिश्वत ले रहे थे। ₹140000 नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

लोकायुक्त पुलिस सागर के डीएसपी राजेश खेड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि आज कार्रवाई दोपहर करीब 12:00 बजे की गई। शिकायतकर्ता ध्रुव सिंह लोधी से पेट्रोल पंप की NOC के लिए रिश्वत की मांग की गई थी। श्री लोधी ने रिश्वत की पहली किस्त 1.80 लाख रुपये पूर्व में दी थी तथा दूसरी किस्त 1.40 लाख रुपये आज जब दी, उसी समय जिला आपूर्ति अधिकारी आरके श्रीवास्तव व लिपिक महेश गंगेले को रंगे हाथ पकड़ा गया। आपूर्ति अधिकारी के पास से 1.25 लाख तथा लिपिक के पास 15000 रुपये बरामद हुए हैं। डीएसपी खेड़े ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।


मामले के संबंध में शिकायतकर्ता ध्रुव सिंह लोधी निवासी हरदुआ खमरिया ने बताया कि पेट्रोल पंप लगाने के लिए एनओसी प्रदान करने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी ने पांच लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। पूर्व में उनके द्वारा पहली किस्त एक लाख 80 हजार रुपये दी जा चुकी है, जिसमें आपूर्ति अधिकारी को डेढ़ लाख रुपये व लिपिक को 30 हजार रुपये दिए थे। इतनी राशि देने पर भी उन्होंने काम नहीं किया पूरे पांच लाख रुपये मांग रहे थे। इसकी शिकायत मेरे द्वारा गत 27 सितंबर को लोकायुक्त पुलिस से की गई। फलस्वरूप आज जिला आपूर्ति अधिकारी व लिपिक दोनों रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

 

#लोकायुक्त पुलिस

Source : Agency

पाठको की राय