Saturday, October 24th, 2026

जिला मुख्यालय में लोकायुक्त जबलपुर के दल ने सहायक मत्स्य अधिकारी को रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

सिवनी
जिला मुख्यालय में लोकायुक्त जबलपुर के दल ने शनिवार को सहायक मत्स्य अधिकारी मुकुन्द राव बंसोडकर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त जबलपुर के निरीक्षक कमल सिंह उइके ने बताया कि आवेदक देवीप्रसाद पुत्र स्व. जगन्नाथ राहंगडाले (49) पांडीवाड़ा थाना उगली तहसील केवलारी जिला सिवनी ने शिकायत की थी।

इसमें कहा था कि प्रधानमंत्री मत्स्य योजना के अंतर्गत अपने खेत में मत्स्य पालन हेतु तालाब निर्माण कार्य करवाया है। इसके मछली बीज व चारा खरीदने की सब्सिडी के संबंध में मत्स्य विभाग के सहायक मत्स्य अधिकारी मुकुंद राव बंसोड़कर से मिला, तो उनके द्वारा सब्सिडी प्रदाय करने के बदले 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।

शिकायत के सत्यापन के बाद 21 सितंबर की दोपहर सहायक मत्स्य अधिकारी मुकुंदराव बंसोड़कर को बाहुबली चौक में एक चाय दुकान के सामने बीस हजार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में उपपुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक नरेश बेहरा, कमल सिंह उइके व पांच अन्य सदस्य शामिल रहे।

 

#Assistant Fisheries Officer caught taking bribe of Rs 20 thousand

Source : Agency

पाठको की राय