Tuesday, October 20th, 2026

लोकायुक्त कार्रवाई: थाना प्रभारी और सहायक उपनिरीक्षक घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

रीवा
रीवा लोकायुक्त पुलिस ने रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह बघेल और वहां पर पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक देशराज सिंह परिहार को दस हजार और तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। दोनों अफसर मिलकर एक गंभीर मामले में आरोपी को बचाने के लिए रिश्वत ले रहे थे। लोकायुक्त की कार्यवाही के बाद एसपी रीवा नवनीत भसीन ने थाना प्रभारी एसएस बघेल और एएसआई परिहार को निलंबित कर लाईन अटैच कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गोंविदगढ़ थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले एक बर्थडे पार्टी में गोली चली थी, जिस पर आर्म्स एक्ट का केस दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में आरोपी अश्विनी मिश्रा भी थे। उनका नाम केस से हटाने के लिए टीआई सुरेंद्र सिंह बघेल और सहायक उपनिरीक्षक देशराज सिंह परिहार ने रिश्वत की मांग की। तय हुआ कि टीआई को दस हजार रुपए और एएसआई को तीन हजार रुपए की रिश्वत दी जाए। इसके बाद अश्विनी मिश्रा ने इस संबंध में रीवा लोकायुक्त एसपी गोपाल धाकड़ से इस संबंध में शिकायत की। शिकायत के बाद आज सुबह रिश्वत के रुपए देने का तय हुआ। अश्विनी मिश्रा ने दस हजार रुपए निरीक्षक को दिए और तीन हजार रुपए एएसआई को दिये। जैसे ही रुपए दिए गए वैसे ही लोकायुक्त पुलिस की टीम ने दोनों को दबोच लिया।

 

#Lokayukta action

Source : Agency

पाठको की राय