Sunday, October 25th, 2026

बिहार में लोजपा-रामविलास की संसदीय दल की हुई बैठक, चिराग पासवान को पांचों सांसदों ने चुना नेता

पटना.

लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख व हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद चिराग पासवान को उनकी पार्टी ने संसदीय दल का नेता चुन चिया है। शुक्रवार सुबह दिल्ली में लोजपा (रामविलास) के नेताओं के बीच बैठक हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से चिराग पासवान को संसदीय दल का नेता चुन लिया गया। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय प्रधान सचिव अब्दुल खालिक ने लेटर जारी कर यह जानकारी दी है।

इसमें कहा गया है कि बैठक में चिराग पासवान, वीणा देवी, शांभवी चौधरी, अरुण भारती और राजेश वर्मा उपस्थित थे। सभी ने चिराग को दल का नेता चुन लिया। बता दें कि दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक में शामिल होने के बाद चिराग पासवान ने कहा था कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की वजह से ही एनडीए को प्रचंड बहुमत मिली है। एनडीए के घटक दलों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकारा है। चिराग ने यह भी कहा कि किसी को कोई ऑफर नहीं मिल रहा है। एनडीए एकजुट है। अब वे दिन दूर नहीं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए का हर एक घटक दल मजबूती से सरकार बनाएगा। शपथ लेने की तैयारी है।

पांच सीटे चिराग पासवान की पार्टी के खाते में
बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी के हनुमान चिराग पासवान और उनकी पार्टी पर सबकी निगाहें टिकी थीं। चुनाव परिणाम आया तो चिराग पासवान और उनकी पार्टी ने फिर से सबको चौंका दिया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) इस बार हाजीपुर, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ रही थी। पांचों सीटों पर इनके प्रत्याशी भारी मतों से जीत हासिल की। सौ प्रतिशत स्ट्राइक रेट लाकर चिराग ने सबसे चौंका दिया। चर्चा है कि मोदी के करीबी चिराग पासवान को केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ी जिम्मेवारी मिल सकती है।

 

#LJP-Ram Vilas#Bihar#Chirag Paswan

Source : Agency

पाठको की राय