Sunday, October 25th, 2026

परिवहन कार्यालय में चल रही थी शराब पार्टी, पुलिस की रेड ने डाला रंग में भंग 

भागलपुर 
भागलपुर जिला परिवहन कार्यालय में शराब पार्टी करते हुए सात डाटा इंट्री ऑपरेटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की, जिसमें कार्यालय में कंप्यूटर हॉल को अंदर से बंद कर सभी ऑपरेटर शराब पार्टी कर रहे थे। उनके पास से पुलिस ने शराब की बोतल भी बरामद की है, जिसमें थोड़ी मात्रा में शराब बची हुई थी। जिन डाटा इंट्री ऑपरेटर को पुलिस ने शराब पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया है, उनमें खगड़िया के गोगरी जमालपुर का रहने वाला दीपक कुमार, गोड्डा के मेहरामा का रोहित कुमार, सुपौल जिले के वार्ड संख्या 10 का रहने वाला ललन कुमार, कटिहार जिले के कदवा स्थित सन्हौली गोशाला रोड का संजीव कुमार सिंह, कटिहार के ही कदवा का रहने वाला राजीव कुमार, कटिहार के कदवा के पोठी कॉलोनी का रहने वाला पवन कुमार, कटिहार के ही कदवा का रहने वाला अजीत कुमार साह शामिल है।

दोपहर में ही शुरू कर दी थी शराब पार्टी 
परिवहन कार्यालय के कंप्यूटर हॉल में शनिवार को दोपहर में ही सभी डाटा इंट्री ऑपरेटर ने शराब पार्टी शुरू कर दी थी। सूचना मिलने पर एएसपी सिटी पूरन झा के नेतृत्व में पुलिस जांच के लिए पहुंची तो देखा कि कंप्यूटर हॉल अंदर से बंद था। खटखटाने के कुछ देर बाद वे दरवाजा खोलने आए। जांच में वहां से शराब की बोतल और चखना बरामद किया गया। सभी ऑपरेटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा। इस बात का भी पता चला है कि डाटा इंट्री ऑपरेटर की शराब पार्टी अक्सर होती थी।

डीएम सुब्रत कुमार सेन ने कहा, 'शराब मामले में परिवहन कार्यालय के सात डाटा इंट्री ऑपरेटर के पकड़े जाने की सूचना है। वे सभी कॉन्ट्रैक्ट पर थे जो बेलट्रॉन द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। उनपर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद डीटीओ कार्यालय द्वारा विभाग को भी इसकी लिखित सूचना दी जाएगी।'

 

#परिवहन कार्यालय

Source : Agency

पाठको की राय