Saturday, October 24th, 2026

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा- यह विकसित भारत और जम्मू-कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक बजट है

श्रीनगर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के पहले वित्त वर्ष 2024-25 का बजट संसद में पेश हो चुका है। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा है कि यह विकसित भारत और जम्मू-कश्मीर के लिए एक ऐतिहासिक बजट है। मनोज सिन्हा ने बुधवार को मीडिया से बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मैं पीएम मोदी और वित्त मंत्री का हृदय से स्वागत करता हूं। उन्होंने विकसित भारत के लिए एक ऐतिहासिक बजट संसद में पेश किया है। विकसित भारत की मजबूत बुनियाद के अलावा यह विकसित जम्मू की भी नींव रखेगा।

उन्होंने कहा कि किसान, महिला, युवा और गरीब, ये समाज के चार मुख्य तपके हैं। ये सभी बजट के केंद्र बिंदु रहे हैं। किसानों को कैसे ऑर्गेनिक खेती के जरिए लाभ पहुंचे और खेती की लागत कम हो। युवाओं को कैसे रोजगार मिले, महिलाओं का सशक्तिकरण कैसे किया जाए, बजट में इन सब अहम मुद्दों पर जोर दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में सूक्ष्म एवं लघु उद्योग को बढ़ावा देकर रोजगार को प्रोत्साहन दिया है। जम्मू कश्मीर के चौमुखी विकास के लिए भी केंद्र सरकार ने बजट आवंटित किया है। बजट पारित होने के बाद एक-एक बिंदु पर हम चर्चा करेंगे।

वहीं बजट को लेकर विपक्षी पार्टियों के विरोध पर मनोज सिन्हा ने कहा कि जिन लोगों को बजट रास नहीं आ रहा है उनको लोगों ने जवाब दिया है। मैं समझता हूं कि कुछ दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी। बता दें कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के विकास के लिए 42 हजार 277 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार बजट में 1.2 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। जम्मू की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस विभाग को 9 हजार 789 करोड़ रुपये का अतिरिक्त फंड भी दिया गया है।

 

#Lieutenant Governor Manoj Sinha

Source : Agency

पाठको की राय