ढाई घंटे में 31% सब्सक्राइब्ड हुआ LIC IPO, पॉलिसीधारकों का हिस्सा 100% भरा
नई दिल्ली
देश के इतिहास का सबसे बड़ा एलआईसी का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। अब नौ मई तक निवेशक इसके लिए बोली लगा सकते हैं। गौरतलब है कि ये आईपीओ नौ मई शाम पांच बजे तक खुला रहेगा। एलआईसी आईपीओ खुलने के साथ ही इसपर निवेशक टूट पड़े हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बोली प्रक्रिया शुरू होने के महज दस मिनट के भीतर ही 16 से ज्यादा शेयरों के लिए बोली मिल गई थी। फिलहाल, आईपीओ को खुले ढाई घंटे बीते हैं और इस अवधि में पॉलिसीधारकों का हिस्सा पूरी तरह फुल हो गया है। वहीं इस अवधि में 4.43 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली है।
पॉलिसीधारकों का हिस्सा ढाई घंटे में ही फुल
एलआईसी आईपीओ के लॉन्च के पहले दिन ढाई घंटे के भीतर इश्यू 31 फीसदी बुक हो गया। शुरुआत एक घंटे में पॉलिसी धारकों ने इसे 24 फीसदी सब्सक्राइब्ड किया था, लेकिन इसके अगले घंटे इस हिस्से में जोरदार उछाल देखने को मिला। आईपीओ खुलने के ढाई घंटे के भीतर यानी 12.30 बजे तक ही पॉलिसीधारकों ने अपना पूरा हिस्सा यानी 100 फीसदी सब्सक्राइब्ड कर दिया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि निवेशक इस आईपीओ में निवेश को कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहते और जल्द से जल्द बोली लगाने के लिए उत्साहित हैं।
कर्मचारियों का हिस्सा 52 फीसदी भरा
जहां एक ओर पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित हिस्सा पूरी तरह भर चुका है। तो वहीं कर्मचारियों में भी आईपीओ को लेकर उत्साह नही थम रहा है। पहले घंटे में जहां 27 फीसदी कर्मचारियों ने बोली लगाई थी, तो वहीं इन ढाई घंटों के भीतर कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 52 फीसदी भर गया। इस बीच खुदरा निवेशकों की बात करें तो इसे 34 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
पहले एक घंटे में 12 फीसदी सब्सक्रिप्शन
एलआईसी आईपीओ को लेकर निवेशकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। जहां इश्यू खुलने के दस मिनट के भीतर ही 16 लाख से ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगाई गई, वहीं एक घंटे के भीतर ही आईपीओ को 12 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा इस एक घंटे के भीतर 27 फीसदी, जबकि पॉलिसीधारकों के लिए आरक्षित हिस्सा 24 फीसदी तक भर गया, जबकि खुदरा निवेशकों ने अब तक 18 फीसदी सब्सक्राइब्ड किया। गैर संस्थागत निवेशकों की बात करें तो यहां से आईपीओ को पहले घंटे में चार फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला है।
खुलने के साथ जबरदस्त प्रतिक्रिया
बता दें कि खुलने की दस मिनट में ही इश्यू को तीन फीसदी सब्सक्रिप्शन मिल चुका था, जबकि कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा सात फीसदी बुक हो गया था। वहीं खुदरा निवेशकों का हिस्सा 10.31 बजे तक पांच फीसदी सब्सक्राइब्ड किया गया था। इसके अलावा पॉलिसीधारकों के लिए रिजर्व हिस्सा तीन फीसदी और गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्सा एक फीसदी भरा था।

पाठको की राय