दिल्ली के एलजी अनिल बैजल ने दी मुंडका अग्निकांड की मजिस्ट्रेट जांच को मंजूरी
नई दिल्ली
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मुंडका की चार मंंजिला इमारत में लगी आग की मजिस्ट्रियल जांच को मंजूरी दे दी है। यह जांच छह सप्ताह में पूरी होगी। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद रविवार शाम को दिल्ली सरकार ने भी आग की घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू करने के संबंध में एक आदेश जारी कर दिया है। आदेश में, सरकार ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट (पश्चिम) को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है जो छह सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपेगे। आदेश के अनुसार, जांच अधिकारी संबंधित विभागों और एजेंसियों की ओर से चूक की जांच करेंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करेेग और जिम्मेदारी तय करेंगे। अधिकारियों ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए एहतियाती उपाय भी सुझाएंगे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को घटनास्थल का दौरा किया था और मजिस्ट्रेट जांच की घोषणा की थी। अधिकारियों के मुताबिक, जांच से संबंधित फाइल को उपराज्यपाल ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री केजरीवा ने दिल्ली सरकार की तरफ से आग में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि जांच संबंधित विभागों और एजेंसियों और उनके अधिकारियों की ओर से उनकी अपेक्षित भूमिकाओं के संबंध में चूक का भी पता लगाएगी। यह चूक के लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करेगी और गलती करने वाले अधिकारियों, व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करेगी। उन्होंने कहा कि जांच भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए उपाय भी सुझाएगी। आदेश के मुताबिक जांच में जिलाधिकारी यह भी पता लगाएंगे कि कहीं कानूनों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।
गौरलतब है कि बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में 13 मई को चार मंजिला इमारत में आग लग गई थी। दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आग पहली मंजिल से एसी में संदिग्ध धमाके की वजह से लगी। घटना के बाद 19 लोग अब भी लापता हैं। दिल्ली पुलिस ने रविवार को राजधानी और हरियाणा में कई छापेमारी के बाद इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा को गिरफ्तार कर लिया था।

पाठको की राय