Sunday, October 25th, 2026

अधिकारियों को पत्र जारी,जनप्रतिनिधियों के लिए तय प्रोटोकॉल का करें पालन

रायपुर
सरकार ने अफसरों को निर्देश जारी करके सांसदों-विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने को कहा है। हालांकि नियमानुसार पहले से ही प्रोटोकॉल तय है।

सामान्य प्रशासन विभाग के संयुक्त सचिव संजय अग्रवाल ने सभी सचिवों, विभागाध्यक्षों, संभाग आयुक्तों, कलेक्टरों और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को एक पत्र जारी किया है। इसमें उन्हें निर्देशित किया गया है कि संसद सदस्यों, विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें। इसके लिए सरकार की ओर से निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें। सांसदों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों से मिले पत्रों की अभिस्वीकृति उन्हें तत्काल भेजी जाए। उनके द्वारा उठाए गए लोक महत्व के मामलों पर नियमानुसार त्वरित गति से कार्रवाई हो। कार्रवाई की सूचना भी जनप्रतिनिधियों को देने का निर्देश दिया गया है। निदेर्शों की कॉपी सभी सांसदों-विधायकों और मंत्रियों को भेजी गई है।

संयुक्त सचिव ने इस निर्देश का आधार सांसदो-विधायकों की शिकायत को बनाया है। कहा गया है कि कुछ स्थानों से सांसदों-विधायकों के शिकायती पत्र मिल रहे हैं। इसमें कहा जा रहा है कि अफसर, जनप्रतिनिधियों के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं।

इधर आदेश से परे बताया गया है कि सांसदों-विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के पत्रों का जवाब देने, उनके आॅफिस आने पर सम्मानपूर्वक उनकी बात सुनने और उनकी मांग पर नियमानुसार कार्यवाही करने का प्रोटोकॉल तय है। समय-समय पर इसके लिए अलग से निर्देश भी जारी होते रहते हैं।

 

#officials#public representatives

Source : Agency

पाठको की राय