Friday, October 23rd, 2026

लालू यादव के बिगड़े बोल, भक्त चरण दास पर की अपमानजनक टिप्पणी

पटना
बिहार के लिए रवाना होने से ठीक पहले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने विवादित बयान देकर राजनीतिक उठा-पटक और तेज कर दी है. लालू यादव ने कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया. जिसके बाद कांग्रेस आरजेडी प्रमुख पर हमलावर हो गयी है.

लालू यादव आज शाम बिहार पहुंचने वाले हैं. तीन साल से अधिक समय के बाद आरजेडी सुप्रीमो बिहार आ रहे हैं. यात्रा के ठीक पहले लालू यादव दिल्ली में मीडिया से मुखातिब हुए और कई सवालों का जवाब दिया. कांग्रेस और राजद के बीच खींची तलवार के मुद्दे पर उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और कहा कि कुशेश्वरस्थान सीट पर कांग्रेस जमानत भी नहीं बचा पाती और हार जाती.

वहीं कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास के उपर किये गये एक सवाल से लालू यादव बिफर गये और अपना आपा उन्होंने खो दिया. भक्त चरण दास के लिए लालू यादव ने अपमानजनक शब्द का प्रयोग किया. लालू यादव ने उन्हें 'भकचोनर' कह दिया. दिल्ली में दिया गया ये बयान पटना में आग के तरह फैल गया और कांग्रेस ने पलटवार शुरू कर दिया. कांग्रेस प्रवक्ताओं ने इसे लालू यादव का बौखलाहट तक करार दे दिया.

मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए आरजेडी सुप्रीमो ने कहा कि तेजस्वी और तेज प्रताप के बीच सबकुछ ठीक है. दोनों ही उसके बेटे हैं. वहीं आरजेडी सुप्रीमो ने कहा कि वो करीब महीने भर अब बिहार में रहेंगे. इस दौरान उपचुनाव के लिए वो क्षेत्र में जाएंगे या नहीं, इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि वहां जाने के बाद अगर सेहत में कोई दिक्कत नहीं रही तो वो चुनाव में भी हिस्सा लेंगे.

 

#Lalu Yadav

Source : Agency

पाठको की राय