Thursday, October 22nd, 2026

आगामी आईपीएल में कुमार संगकारा को राजस्थान रॉयल्स से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद, 'हमारे पास मजबूत टीम है'

नई दिल्ली
राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक और मुख्य कोच कुमार संगकारा का मानना है कि उनके पास 'बेहद सक्षम' टीम है जो इंडियन प्रीमियर लीग में पिछले तीन खराब सत्र के बाद जोरदार प्रदर्शन कर सकती है। पिछले तीन सत्र में रॉयल्स की टीम सातवें, आठवें और सातवें स्थान पर रही है। आईपीएल का आगामी सत्र 26 मार्च से शुरू होगा। श्रीलंका के पूर्व कप्तान संगकारा ने कहा, ''हमें पता है कि हमें अपनी टीम को लेकर ऑफ सत्र में काफी काम करने की जरूरत थी। मुझे लगता है कि हम उन विभाग की पहचान करने में सफल रहे, जहां ध्यान देने की जरूरत थी और नीलामी में खिलाड़ियों का चयन करते हुए उचित प्रक्रिया का पालन किया। हम अपने लिए तय मापदंडों को पूरा करने में सफल रहे।'' उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि फ्रेंचाइजी ने मजबूत टीम चुनकर शानदार काम किया है।'' टीम के संयोजन पर प्रतिक्रिया देते हुए संगकारा ने कहा कि युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन की मौजूदगी बड़ा अंतर पैदा करेगी।

उन्होंने कहा, ''चहल और अश्विन के रूप में लेग स्पिन और ऑफ स्पिन के मामले में हमारे पास आईपीएल के दो सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। हमारे पास (ट्रेंट) बोल्ट, प्रसिद्ध (कृष्णा), (नवदीप) सैनी, (नाथन) कोल्टर नाइल, (ओबेद) मैकाय के रूप में मजबूत तेज गेंदबाजी क्रम है, जिनका साथ देने के लिए यशस्वी (जायसवाल), (संजू) सैमसन और (जोस) बटलर हैं जिन्हें हमने रिटेन किया था।'' संगकारा ने कहा, ''हमारे पास प्रत्येक विभाग में गहराई है, जेम्स नीशाम, मिशेल और रेसी वान डेर डुसेन उम्दा क्रिकेटर हैं। हमारे पास कुछ अच्छे युवा भारतीय क्रिकेटर भी हैं। मुख्य चीज यह है कि हमारी टीम काफी सक्षम है।''

 

 

#Kumar Sangakkara

Source : Agency

पाठको की राय