Friday, October 23rd, 2026

सुपर आठ चरण में भारतीय टीम में कुलदीप का दावा मजबूत: चावला

मुंबई

 पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला का मानना है कि भारतीय टीम टी20 विश्व कप के सुपर आठ चरण के मैचों के लिए जब वेस्टइंडीज पहुंचेगी तो कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव टीम के पसंदीदा स्पिनर होंगे।

न्यूयॉर्क के नसाउ काउंटी स्टेडियम की मुश्किल पिच पर स्पिनरों के लिए ज्यादा मदद नहीं थी और भारत ने इस दौरान टीम में कुलदीप और युजवेंद्र चहल की जगह रविंद्र जडेजा और अक्षर पटेल पर ज्यादा भरोसा दिखाया।

चावला ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘न्यूयॉर्क की पिच बहुत खतरनाक थी और जिस तरह से भारत ने उस पिच पर प्रदर्शन किया और तीन में से तीन मैच जीते, उससे आगे बढ़ने की बहुत अच्छी संभावना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘न्यूयॉर्क में स्पिनरों की उतनी जरूरत नहीं थी, लेकिन एक बार जब आप सुपर आठ चरण में प्रवेश करते हैं, तो वेस्टइंडीज में स्पिनरों की बड़ी भूमिका होगी। हमारे स्पिनरों को अब मौका मिलेगा।’’

चहल ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में ज्यादा विकेट चटकाये लेकिन चावला ने भारतीय टीम के लिए कुलदीप को अपनी पहली पसंद के रूप में चुना।

उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो दोनों में से केवल एक ही खेलेगा और पिछले डेढ़ साल के प्रदर्शन को देखे तो मुझे लगता है कि कुलदीप टीम की पहली पसंद होंगे। आपके पास अक्षर और जडेजा हैं जो आपको बल्लेबाजी में गहराई दे सकते हैं, इसलिए मुझे लगता है कि कुलदीप को टीम में जगह मिलेगी।’’

 

 

 

 

 

 

 

#T20 World Cup

Source : Agency

पाठको की राय