Friday, October 23rd, 2026

कोविड टेस्ट रोहित का निगेटिव भी आता है तो वो क्यों नहीं खेलेंगे इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट, आकाश चोपड़ा ने बताया

नई दिल्ली
रोहित शर्मा लीसेस्टरशायर के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान कोविड पाजिटिव पाए गए थे और खबरों की मानें तो उनका इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध लग रहा है। हालांकि बीसीसीआइ की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है और टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ आश्वस्त हैं को रोहित शायद इस टेस्ट के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। अब रोहित शर्मा को टीम में वापसी करने के लिए कोविड निगेटिव होना जरूरी है, लेकिन टीम इंडिया के पूर्व ओपनर बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि उनका निगेटिव आना भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं होगा।

हालांकि रोहित शर्मा अगर नहीं खेलेंगे तो इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। मयंक अग्रवाल को बैकअप ओपनर के तौर पर टीम में शामिल किया गया है और शुभमन गिल के साथ चेतेश्वर पुजारा या फिर हनुमा विहारी में से कोई एक ओपनिंग कर सकता है तो वहीं टीम की कप्तानी जसप्रीत बुमराह करेंगे। वैसे अगर रोहित शर्मा निगेटिव पाए जाते हैं तो ये टीम इंडिया के लिए काफी अच्छा होगा, लेकिन आकाश चोपड़ा को नहीं लगता है कि निगेटिव होने के बाद भी एक जुलाई से शुरू होने वाले टेस्ट मैच में खेलने के लिए उनमें ताकत होगी।

आकाश चोपड़ा ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि रोहित शर्मा को आप खेलते हुए देख सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि मैं भी आइपीएल 2022 की शुरुआत में पाजिटिव हो गया था और आपके पास ताकत ही नहीं बचती। आप निगेटिव या पाजिटिव को छोड़ दीजिए क्योंकि आपके पास खेलने के लिए क्षमता होनी चाहिए। कोविड आपके शरीर को अंदर से खोखला कर देता है और यह एक बड़ी समस्या है। ऐसे में मुझे नहीं लगता है कि रोहित शर्मा खेलेंगे। वैसे राहुल द्रविड़ ने जो कहा वो उनकी राय है, लेकिन मुझे लगता है कि जसप्रीत बुमराह कप्तानी करेंगे।

 

#Kovid test

Source : Agency

पाठको की राय