कोलकाता प्लेऑफ की दहलीज पर पहुंची, मुंबई इंडियंस लगभग बाहर
नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में गुरुवार को डबल हेडर के दूसरे मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स को 86 रनों से करारी शिकस्त दी। कोलकाता ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 171 रन बनाया और फिर राजस्थान को 16.1 ओवर में केवल 85 रनों पर ढेर कर दिया। राजस्थान के द्वारा आईपीएल में बनाया गया यह अबतक का न्यूनतम स्कोर है। राजस्थान के लिए राहुल तेवतिया ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। कोलकाता की ओर से शिवम मावी ने अपने करियर की बेस्ट गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनके अलावा लॉकी फर्ग्युसन ने तीन और शाकिब अल हसन तथा वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाए। कोलकाता से मिले 172 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने तीसरी ही गेंद पर यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया। जायसवाल खाता खोले बिना आउट हुए। इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने चार बड़े विकेट गंवा दिए। लगातार विकेट गिरने के कारण वह कोलकाता के स्कोर के आस—पास भी नहीं पहुंच पाई और 16.1 ओवर में 85 रनों पर सिमट गई। राजस्थान का आईपीएल के इतिहास में यह अबतक का न्यूनतम स्कोर है। टीम के लिए राहुल तेवतिया ही अकेले लड़े, जिन्होंने 36 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। उनके अलावा शिवम दुबे ने 18 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाजी दोहरे अंकों में भी नहीं पहुंच पाए।
इससे पहले, कोलकाता ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 171 रनों का विशाल स्कोर बनाया। टीम के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 56 रनों की पारी खेली। आईपीएल में उनका यह नौवां और इस सीजन में लगातार दूसरा अर्धशतक है। उनके अलावा वेंकटेश अय्यर ने 38 रन बनाए। नितीश राणा ने 12 और राहुल त्रिपाठी ने 21 रनों का योगदान दिसा। अंत में दिनेश कार्तिक ने नाबाद 14 और कप्तान इयोन मोर्गन ने नाबाद 13 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया। राजस्थान के लिए क्रिस मोरिस, चेतन सकारिया, राहुल तेवतिया और ग्लेन फिलिप्स को एक—एक विकेट हाथ लगी। इस जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग पक्का हो गया है। टीम के खाते में 14 मैचों से 14 अंक हो गए हैं और वह तालिका में अच्छे नेट रनरेट के साथ चौथे नंबर पर है। वहीं पंजाब किंग्स के भी इतने ही मैचों से 12 अंक है, लेकिन पंजाब आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। पंजाब पांचवें नंबर पर है। मुंबई इंडियंस के 13 मैचों में 13 अंकों के साथ छठे नंबर पर है और उसका प्लेऑफ में पहुंचना अब नामुमकिन सा है। मुंबई का अगला मुकाबला शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद से और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए मुंबई को हैदराबाद को 171 रनों से हराना होगा। अगर मुंबई ऐसा नहीं कर पाती है तो कोलकाता प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और अंतिम टीम बन जाएगी।

पाठको की राय