कोहली ने छोड़ी नहीं BCCI ने छीनी है टी20 की कप्तानी, जल्द छिन सकती है वनडे की भी कमान
नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुवार (16 सितंबर) को भारत की टी20 कप्तानी छोड़ने के फैसले का ऐलान किया, जिसके तहत वह अगले महीने से खेले जाने वाले आईसीसी टी20 विश्वकप टूर्नामेंट के बाद टी20 प्रारूप की कप्तानी से हटने जा रहे हैं। विराट कोहली के इस फैसले को उनकी बल्लेबाजी में खोयी हुई धार को वापस हासिल करने के लिहाज से देखा जा रहा है लेकिन इन बदलावों को वनडे प्रारूप में होने वाले नये सेटअप से जोड़ा जा सकता है। जहां विराट कोहली ने अपने बयान में साफ किया है कि वो भारत के लिये वनडे और टेस्ट प्रारूप में टीम की कमान संभालते रहेंगे लेकिन यह कह पाना मुश्किल है कि भारत में होने वाले 2023 के वनडे विश्वकप तो वह इस पद पर बने रहेंगे।
जहां उनके इस बड़े फैसले के पीछे वर्कलोड मैनेजमेंट को बेहद अहम कारण माना जा सकता है लेकिन न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ बात करते हुए बीसीसीआई के एक सूत्र ने दावा किया है कि कोहली ने कप्तानी छोड़ी नहीं है बल्कि बीसीसीआई ने उनसे छीनी है। सूत्र ने दावा किया है कि कोहली चाहते थे कि रोहित शर्मा से उपकप्तानी छीनकर केएल राहुल को सौंप दी जायें क्योंकि अब वह 34 के हो गये हैं, हालांकि बोर्ड ने उनकी इस मांग से इंकार कर दिया है। कोहली ने वर्कलोड का हवाला दिया है जबकि 2020 से लेकर अब तक भारतीय टीम ने सिर्फ 8 टी20 मैच खेले हैं, वहीं पर 2023 के भारतीय टीम के कैलेंडर को देखा जाये तो भारत को करीब 20 टी20 मैचों में खेलना है जिसकी कप्तानी अब विराट कोहली नहीं करेंगे लेकिन उसका हिस्सा वो जरूर बनते नजर आयेंगे।
वॉन-गांगुली ने की जमकर तारीफ विश्वकप के बाद तय था कोहली का जाना हालांकि बीसीसीआई के आंतरिक सूत्र के अनुसार अगर 2021 का टी20 विश्वकप अच्छा नहीं जाता तो बोर्ड उन्हें सीमित ओवर्स प्रारूप की कप्तानी से वैसे भी हटाने ही वाला था। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए बीसीसीआई सूत्र ने कहा,'विराट जानते थे कि अगर टीम यूएई में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप में अच्छा नहीं करती है तो उन्हें सीमित बॉल प्रारूप की कप्तानी से हटाया जाना है। सीमित प्रारूप की कप्तानी की बात करें तो उनका जाना टीम के लिये अच्छा ही है। ऐसा करके उन्होंने अपने ऊपर से बस थोड़ा सा दबाव ही कम किया है, अगर कोई बाहरी इस स्थिति को देखता है तो लगेगा कि वो अपनी शर्त पर यहां हैं। यह शायद अभी वनडे क्रिकेट में नहीं हुआ है लेकिन अगर टी20 प्रारूप में उनका प्रदर्शन खराब रहता है तो उन्हें यहां से भी हटाया जा सकता है।'
वनडे प्रारूप की कप्तानी से भी हटाये जा सकते हैं कोहली बीसीसीआई सूत्र ने आगे कहा कि अगर बोर्ड आने वाले समय में कोहली को वनडे प्रारूप की कप्तानी से भी हटाने का फैसला करता है तो किसी को हैरान होने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि यह भारतीय क्रिकेट है जिसमें खिलाड़ियों का भाग्य बदलने में ज्यादा समय नहीं लगता है अगर वो खिलाड़ी खुद का प्रदर्शन जारी नहीं रख पाता है। बीसीसीआई सूत्र के अनुसार अगर कोहली ट्रॉफी लेस टी20 विश्वकप खेलते हैं तो उन्हें वनडे क्रिकेट में भी बतौर बल्लेबाज खेलना पड़ सकता है। बीसीसीआई के इस आधिकारिक सूत्र के अनुसार विराट कोहली को ड्रेसिंग रूम में पिछले काफी समय से पूरा समर्थन नहीं मिल रहा है और टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा को बतौर लीडर देखा जाता है। रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग में पिछले कई सालों में मुंबई इंडियंस के लिये सफलतापूर्वक कप्तानी की है और युवा खिलाड़ियों को अपने साथ रखा है। मुश्किल है विराट कोहली के फैसलों को समझना गौरतलब है कि विराट कोहली के काम करने के तरीके और खुद में ही घुले रहने के तरीके की अक्सर आलोचना होती रही है। इतना ही नहीं आईसीसी टूर्नामेंट में उनके फैसले लेने के तरीकों पर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं, फिर चाहे विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में दो स्पिन गेंदबाज खिलाने का फैसला हो या फिर 2019 विश्वकप से पहले चौथे नंबर के खिलाड़ी का चयन न कर पाने का फैसला रहा हो। उनके फैसला न ले पाने की वजह से भारतीय टीम को कई बार नुकसान उठाना पड़ा है। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने 2-1 की बढ़त हासिल की लेकिन इसके बावजूद आर अश्विन को बेंच पर बिठाने का फैसला उनके लिये मुश्किल भरा साबित हुआ।

पाठको की राय