Friday, October 23rd, 2026

केएल राहुल नेट्स में झूलन की गेंदबाजी का कर रहे सामना

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के इंग्लैंड के बाद अब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में उतरना है। वनडे और टी20 दोनों ही सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम इंडिया के ओपनर केएल राहुल की टी20 टीम में चोट के बाद वापसी हुई है। सीरीज में खेलने को लेकर उनकी फिटनेस हासिल करने के बाद ही फैसला लिया जाना है। चयनकर्ताओं को मिली फिटनेस रिपोर्ट के मुताबिक राहुल मैच में उतर सकते हैं। सीरीज से पहले उनके नेट प्रैक्टिस का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इंडियन प्रीमियर लीग के बाद घर पर खेलने उतरी भारतीय टीम के वनडे की कमान साउथ अफ्रीका के खिलाफ केएल राहुल को दी गई थी। दुर्भाग्य से इस सीरीज के शुरू होने से एक दिन पहले ही वह चोटिल हो गए। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड का दौरा भी इसकी वजह से मिस किया और जर्मनी में अपना इलाज कराया। अब वह पूरी तरह से फिट हैं और बेंगलोर के नेशनल क्रिकेट अकादमी में रिहैब से गुजर रहे हैं।

केएल ने किया झूलन का सामना
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें केएल राहुल भारतीय महिला टीम की दिग्गज झूलन गोस्वामी के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं। नेट प्रैक्टिस का यह वीडियो सामने आया है जिसनें झूलन की गेंदबाजी का राहुल सामना करते नजर आ रहे हैं। केएल इस वीडियो में पूरी तरह से फिट नजर आ रहे हैं। झूलन भी अपनी पूरी रफ्तार से यहां गेंदबाजी करती दिख रही हैं।  

 

 

#KL Rahul

Source : Agency

पाठको की राय