Thursday, October 22nd, 2026

जन्मदिन पर अर्धशतक जड़ केएल राहुल ने रचा इतिहास

 नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का 11वां मैच वानखेड़े के मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर दिल्ली की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब किंग्स की टीम ने अपने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की अर्धशतकीय पारियों के दम पर शानदार आगाज किया और निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाने का किया। उल्लेखनीय है कि किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान केएल राहुल आज ही के दिन अपना 29वां जन्मदिन भी मना रहे हैं। 

मैच से पहले पंजाब किंग्स की टीम ने कप्तान केएल राहुल के जन्मदिन पर केक काटकर सेलिब्रेट किया। इस मौके पर केएल राहुल ने 45 गेंदों में अर्धशतक लगाकर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। आईपीएल में अपने जन्मदिन के दिन अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में केएल राहुल ने अपना नाम शुमार कर लिया और ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गये हैं। केएल राहुल ने 51 गेंदों में 7 चौके 2 छक्कों की मदद से 69 रनों की पारी खेली और आईपीएल करियर का 23वां अर्धशतक भी पूरा किया।

 पंजाब के लिये सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड शॉन मार्श के नाम है जिन्होंने 21 बार पंजाब के लिये यह कारनामा किया है, तो वहीं पर केएल राहुल ने भी यह कारनामा अपने नाम कर लिया है। पंजाब के लिये खेलते हुए राहुल का यह 21वां अर्धशतक है। हालांकि पंजाब के लिये सबसे कम पारियों में 21 अर्धशतक लगाने के मामले में केएल राहुल ने शॉन मार्श को पीछे छोड़ दिया है और सबसे ऊपर पहुंच गये हैं। केएल राहुल आईपीएल में अब तक 2 शतक और 23 अर्धशतक लगा चुके हैं।
 

 

#केएल राहुल

Source : Agency

पाठको की राय