Thursday, October 22nd, 2026

IPL 2023 Points Table में KKR ने लगाई लंबी छलांग, 10 अंकों के साथ लगा ट्रैफिक जाम

नई दिल्ली

IPL 2023 Points table में सोमवार 8 मई की रात को उथल-पुथल देखने को मिली, क्योंकि 8वें नंबर की टीम पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। इस तरह अब अंकतालिका इस सीजन की और भी ज्यादा दिलचस्प हो गई है। अभी तक एक भी टीम टूर्नामेंट के प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है। खास बात यह है कि 10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। एक या दो नहीं, बल्कि 5 टीमों के खाते में इस समय 10-10 अंक हैं।

आईपीएल 2023 की अंकतालिका में शीर्ष पर इस समय गुजरात टाइटन्स है, जिसने प्लेऑफ के लिए लगभग क्वालीफाई कर लिया है, क्योंकि टीम के खाते में इस समय 16 अंक हैं। गुजरात को अभी तीन मैच और खेलने हैं। दूसरे नंबर पर चेन्नई सुपर किंग्स है, जिसने 11 में से 6 मुकाबले जीते हैं और एक मैच बेनतीजा रहा है। इस तरह सीएसके के खाते में 13 अंक हैं। 11 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर लखनऊ सुपर जाएंट्स है। इसका भी एक मैच बेनतीजा रहा है।

वहीं, अगर बात आईपीएल 2023 के 53वें लीग मैच की करें तो इसमें केकेआर ने जीत दर्ज की और टीम सीधे 8वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंच गई। पंजाब किंग्स हार के बावजूद सातवें स्थान पर विराजमान है, लेकिन मुंबई इंडियंस को झटका लगा है, जो 10 अंक हासिल करने के बावजूद इस समय अंकतालिका में 8वें स्थान पर खिसक गई है, जो मैच से पहले तक छठे स्थान पर विराजमान थी। ये सब नेट रन रेट के कारण हो रहा है।
 
आईपीएल के 16वें सीजन की प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खाते में 10-10 अंक हैं। राजस्थान, कोलकाता और पंजाब ने 11-11 मैच खेल लिए हैं, जबकि 10-10 मैच आरसीबी और एमआई ने खेले हैं। 9वें स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद है, जिसने 10 में से 4 मैच जीते हैं। इतने ही मैचों में इतनी ही जीत अब दिल्ली कैपिटल्स को मिली है, जो 10वें नंबर पर है।

 

#IPL 2023 Points Table

Source : Agency

पाठको की राय