Sunday, October 25th, 2026

किरंदुल-विशाखापट्टनम विस्टाडोम कोच की टिकटों की बिक्री शुरू हुई

जगदलपुर

किरंदुल-विशाखापट्टनम में जुड़ रही विस्टाडोम कोच की टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है, कुछ लोगों ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के बुकिंग काऊंटर से तो कुछ ने आनलाइन टिकट बुक करवाई है।

रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिनों पहले ईको रेलवे ने यह बताया था कि 25 अक्टूबर से यह कोच किरंदुल विशाखापट्टनम के बीच चलने वाली पैसेंजर में जोड़ दी जाएगी। जगदलपुर से विशाखापट्टनम तक के सफर के एवज में यात्रियों को 1285 रुपए किराए के रूप में चुकता करने होंगे। अब तक यह कोच विशाखापट्टनम से अरकू के बीच ही आती थी, लेकिन इसका विस्तार कर दिया गया है। 360 डिग्री घूमने वाली रिवॉल्विंग चेयर और बड़ी पारदर्शी खिड़कियां इस कोच को विशेष बनाती हैं। पारदर्शी छत अब तक अरकू वैली के सौंदर्य का दर्शन पर्यटकों को करवा रही थी, लेकिन अब दक्षिण बस्तर की हरियाली और गहन जंगलों का सौंदर्य भी पर्यटक इस बोगी में बैठकर निहार सकेंगे। इस कोच में सीसीटीवी कैमरे और म्यूजिक सिस्टम भी लगा हुआ है, जो सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाता है। फिलहाल देश के कुछ ही राज्यों में इस कोच का इस्तेमाल ट्रेनों में जोड़कर किया जा रहा है। ज्ञात हो कि 2017 में पहली बार विस्टाडोम कोच केके रेललाइन पर दौड़ाई गई थी।

 

Source : Agency

पाठको की राय