Sunday, October 25th, 2026

खरगोन प्रशासन ने सोमवार को कर्फ्यू में दी नौ घंटे की ढील; ईद पर छूट में अब भी संशय

खरगोन
मध्य प्रदेश के हिंसा प्रभावित खरगोन शहर में प्रशासन ने अपने पिछले निर्णय को बदलते हुए सोमवार को नौ घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा की है। बीते 10 अप्रैल को रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा होने के बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया था। अधिकारी ने कहा कि इससे पहले प्रशासन ने दो और तीन मई को 24 घंटे कर्फ्यू लागू रहने तथा इसमें कोई ढील नहीं देने की घोषणा करते हुए खरगोन निवासियों को घर पर ईद-उल-फितर और अक्षय तृतीया का त्योहार मनाने के लिए कहा था। लेकिन इंदौर के संभाग आयुक्त पवन शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता रविवार रात को खरगोन पहुंचे और उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की जिसमें बाद कर्फ्यू में ढील नहीं देने का फैसला बदल दिया गया।

ईद पर मिलेगी ढील? सलाह-मशविरा कर रहे अफसर
खरगोन में अस्थायी रूप से तैनात विशेष सशस्त्र बल के कमांडेंट अंकित जायसवाल ने रविवार देर रात को संवाददाताओं से कहा कि शहर में सोमवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नौ घंटे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। जबकि मंगलवार को 24 घंटे कर्फ्यू लागू करने के फैसले पर लोगों से सलाह मशविरा कर समीक्षा की जा रही है।आपको बता दें कि मुस्लिम समुदाय के पवित्र माह रमजान की समाप्ति पर ईद-उल-फितर देश भर में मंगलवार को मनाया जाएगा।

रामनवमी के बाद लगा था कर्फ्यू
बीते दस अप्रैल को हुई हिंसा के बाद खरगोन में कर्फ्यू लगा दिया गया था। 14 अप्रैल से स्थानीय प्रशासन प्रतिदिन कुछ घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दे रहा है। कर्फ्यू में ढील की अवधि के दौरान दूध, सब्जी, दवाइयों की दुकानें खोलने की अनुमति है लेकिन धार्मिक स्थलों को बंद रखने को कहा गया है आदेश में कहा गया है कि कर्फ्यू में ढील के दौरान यात्री बसों को चलने की अनुमति होगी।  

 

#Khargone

Source : Agency

पाठको की राय