Monday, October 19th, 2026

खरगे का बेरोजगारी को लेकर केंद्र पर प्रहार, कहा- देश का युवा पूछ रहा सालाना दो करोड़ नौकरियां कहां गईं?

नई दिल्ली
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि बेरोजगारी देश का सबसे ज्वलंत मुद्दा है। भाजपा नीत केंद्र सरकार पर हमला करते हुए खरगे ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘देश का युवा पूछ रहा है कि सालाना दो करोड़ नौकरियां कहां गईं? भर्ती परीक्षाओं से नौकरी मिलने तक का सफर इतना जटिल क्यों हो गया है?''

बेरोजगारी देश का सबसे ज्वलंत मुद्दा
उन्होंने कहा, ‘‘बेरोजगारी देश का सबसे ज्वलंत मुद्दा है।'' आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के जुलाई 2022-जून 2023 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘15-29 वर्ष की आयु के व्यक्तियों की बेरोजगारी दर 10 प्रतिशत है।''

पीएलएफएस आंकड़ों का हवाला देते हुए खरगे ने कहा कि जुलाई 2022-जून 2023 की अवधि में देश में 15-19 वर्ष आयु वर्ग में ग्रामीण क्षेत्र में बेरोजगारी दर 8.3 प्रतिशत थी, जबकि इसी अवधि में शहरी क्षेत्र में बेरोजगारी दर 13.8 प्रतिशत थी। उन्होंने पूछा, ‘‘एमएसएमई क्षेत्र को बर्बाद कर, करोड़ों युवाओं की नौकरियां छीन, उनका भविष्य क्यों बर्बाद किया गया?''

 

#कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

Source : Agency

पाठको की राय