खंडवा: मुसलमान क्रिकेटरों के टूर्नामेंट में खेलने से रोक, भाजपा विधायक देवेंद्र वर्मा हैं आयोजक
भोपाल खंडवा
मध्य प्रदेश के खंडवा में एक लोकल क्रिकेट टूर्नामेंट में मुस्लिम खिलाड़ियों के भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध मैच के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए लगाया गया है। यह टूर्नामेंट भाजपा विधायक देवेंद्र वर्मा द्वारा आयोजित किया जा रहा है। एक आयोजक दिनेश पालीवाल ने इसके पीछे की वजह बताई। उन्होंने कहाकि किसी धर्म विशेष के प्रति हमारी कोई गलत भावना नहीं है। लेकिन कुछ मुसलमान खिलाड़ियों ने चार साल पहले टूर्नामेंट के दौरान झगड़ा किया था। उन्होंने मैच जीतने के लिए कई खिलाड़ियों को पीट दिया था। इसके बाद चार साल तक मैच का आयोजन नहीं हो सका। इसलिए इस साल तय किया गया कि टूर्नामेंट में शांति बनाए रखने के लिए मुस्लिम खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगा दिया जाए।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
20 अप्रैल से शुरू हुए इस टेनिस बॉल क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पालीवाल ने बताया कि कुछ टीमों में मुसलमान खिलाड़ी हैं। हमने इन टीमों से कहा है कि उन्हें मुस्लिम खिलाड़ियों के बिना ही खेलना होगा। सोमवार को कुछ मुसलमानों ने कोतवाली पुलिस थाने में इस फैसले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि इस फैसले से दोनों पक्षों के बीच धार्मिक आधार पर दूरी बढ़ेगी। एक स्थानीय क्रिकेटर और वकील सोहेल तनवीर ने कहाकि हमने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह पहली बार है कि मुसलमान खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से प्रतिबंधित किया गया है। तनवीर ने कहाकि मध्य प्रदेश में हालिया सांप्रदायिक दंगों के बाद इस तरह का फैसला हमारे लिए मुश्किलें बढ़ाएगा। इसके साथ ही इससे हमारे भविष्य पर भी सवालिया निशान लग जाएगा। उन्होंने कहाकि आयोजक धर्म के आधार पर खिलाड़ियों के बीच तनाव को बढ़ावा दे रहे हैं।
खिलाड़ियों ने बताया षड्यंत्र
एक अन्य खिलाड़ी मोहम्मद इकरार ने कहाकि अब अन्य स्थानीय क्रिकेट क्लब भी हमें नहीं खेलने देंगे। स्थानीय विधायक द्वारा हमारे खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि इस टूर्नामेंट के आयोजकों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और टूर्नामेंट को तत्काल रद्द कर दिया जाना चाहिए। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने कहाकि यह मामला पुलिस से जुड़ा नहीं है, इसलिए मैं इस पर टिप्पणी नहीं करुंगा। खिलाड़ियों ने डीएम अनूप सिंह को भी मामले में ज्ञापन सौंपा।
भाजपा विधायक का इंकार
वहीं भाजपा विधायक देवेंद्र वर्मा ने सभी आरोपों से इंकार किया। उन्होंने कहाकि हमने किसी को प्रतिबंधित नहीं किया है। कुछ खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था और अब वे विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। जब उन्हें बताया गया कि आयोजकों ने यह बात स्वीकार की है कि मुसलमान खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में खेलने की इजाजत नहीं है तब वर्मा ने कहाकि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है।

पाठको की राय