Tuesday, October 27th, 2026

खलघाट बस दुर्घटना दुःखद, राज्य सरकार द्वारा मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रूपये की सहायता : मंत्री राजपूत

भोपाल

राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा है कि खरगोन जिले के खलघाट में सोमवार की सुबह महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में गिरने की दुर्घटना बेहद दुःखद है। उन्होंने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। परिवहन मंत्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रूपए, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4-4 लाख रूपए और महाराष्ट्र सरकार ने 10-10 लाख रूपए आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इस प्रकार मृतकों के परिजन को 16-16 लाख रूपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।

परिवहन मंत्री राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिन्दे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को दुर्घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इन्दौर और धार से एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर की टीम मौके पर पहुँच गई है एवं शवों की तलाश जारी है। परिवहन मंत्री राजपूत ने बताया कि दुर्घटना की जाँच के आदेश दे दिए गए हैं। परिवहन विभाग का अमला और स्थानीय प्रशासन लगातार दुर्घटना पर नजर बनाए हुए है। परिवहन मंत्री राजपूत ने धार कलेक्टर डॉ. पंकज जैन से घटना के संबंध में बातचीत की। उनके द्वारा राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी निरन्तर प्राप्त की जा रही है।

 

 

#खलघाट बस दुर्घटना

Source : Agency

पाठको की राय