Tuesday, October 20th, 2026

मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके केजरीवाल जल्द बंगला खाली करने जा रहे हैं, भाजपा ने इसे नौटंकी बताया

नई दिल्ली
मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे चुके अरविंद केजरीवाल जल्द अपना सरकारी बंगला खाली करने जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को कहा कि केजरीवाल आवास, गाड़ी समेत सभी सरकारी सुविधाएं छोड़ने जा रहे हैं। भाजपा ने इसे नौटंकी बताते हुए कहा कि केजरीवाल अभी कई एपिसोड दिखाने वाले हैं, जिसमें वह नीली वैगनार में घूमते दिखेंगे तो उनकी पत्नी सुनीता ठेले से सब्जी खरीदती दिखेंगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में कल जिस राजनीतिक नौटंकी की शुरुआत हुई उसका पहला एपिसोड संजय सिंह ने दिखाया है। उन्होंने कहा कि अभी यह नौटंकी लंबी चलेगी। सचदेवा ने कहा कि वह पूरी स्क्रिप्ट बता सकते हैं जिसे संजय सिंह किस्तों में बताने वाले हैं। सचदेवा ने कहा कि अगले एपिसोड में केजरीवाल अपना 'शीशमहल' छोड़ने का नाटक करेंगे और फिर नामित मुख्यमंत्री उनको मनाने की कोशिश करेंगी। इसके बाद केजरीवाल किसी छोटे फ्लैट, झुग्गी या कौसांबी वाले घर में शिफ्ट होने का ड्रामा रचेंगे।

सचदेवा ने कहा, ' इसके बाद जिस बड़ी गाड़ी में भ्रष्टाचारी मुख्यमंत्री घूम रहे थे उसे छोड़कर नीली वैगनार तलाशी जाएगी। चूंकी गाड़ी 10 साल पुरानी है, उसका चालान होगा। फिर दिल्ली पुलिस को कोसा जाएगा। यह तीसरा एपिसोड होगा। चौथे एपिसोड में माता सुनीता किसी ठेले से सब्जी लेती दिखेंगी। कहा जाएगा देखिए कितने आम लोग हैं। फिर इनका कोई खास रिश्तेदार अचानक बीमार हो जाएगा, उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। सारी नौटंकी धीरे-धीरे चलेगी। फिर वह किसी ऑटो में सवारी करते दिखेंगे। यह पूरी फिल्म चलने वाली है।' भाजपा नेता ने संजय सिंह से कहा कि वह 2009-10 के पुराने वीडियो निकालें जिसमें उनके नेता कहते थे कि वह कोई सरकारी गाड़ी, बंगला या सुरक्षा नहीं लेंगे।

इससे पहले संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया कि केजरीवाल जल्द ही अपना सरकारी आवास और अन्य सुविधाएं छोड़ देंगे। संजय सिंह ने कहा कि अक्सर नेता इन सुविधाओं को छोड़ने में आनाकानी करते हैं, लेकिन केजरीवाल ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आवास छोड़ना केजरीवाल के सुरक्षा लिहाज से ठीक नहीं है, लेकिन आप के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा है कि उन्हें भगवान पर भरोसा है।

 

#Kejriwal#who has resigned from the post of Chief Minister

Source : Agency

पाठको की राय