Tuesday, October 20th, 2026

पैसा रखिए तैयार... ड्रोन बनाने वाली एक और कंपनी लेकर आ रही IPO

नई दिल्ली

आरंभिक सार्वजानिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये कमाई करने वाले निवेशकों के लिए एक नया मौका है। ड्रोन बनाने वाली कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी ने आईपीओ के लिए शेयर बाजार नियामक सेबी के पास प्राथमिक मंजूरी दस्तावेज जमा किए हैं।

300 करोड़ के शेयर: भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास जमा किए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग मसौदा (डीआरएचपी) के मुताबिक, आइडियाफोर्ज 300 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर जारी करेगी। इसके अलावा प्रवर्तक और मौजूदा शेयरधारकों की तरफ से 48,69,712 शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी की जाएगी। वहीं, कंपनी 60 करोड़ रुपये तक के शेयर जारी करने पर भी विचार कर सकती है।

आपको बता दें कि मुंबई स्थित आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी की स्थापना 2007 में हुई थी। इसने देश भर में सबसे ज्यादा स्वदेशी मानव-रहित हवाई वाहन (UAV) तैनात किए हुए हैं। इसके ग्राहकों में सशस्त्र बल, केंद्रीय पुलिस बल, राज्यों के पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और वन विभाग शामिल हैं। नेपाल में 2015 के भूकंप के दौरान खोज और बचाव गतिविधियों में सहायता के लिए आइडियाफोर्ज UAV का उपयोग किया गया था।

मुनाफे में है यह कंपनी: वित्त वर्ष 2021 में घाटे में चल रही कंपनी वित्त वर्ष 2022 में 44.01 करोड़ रुपये के लाभ में आ गई है। वित्त वर्ष 2021 में परिचालन से इसका राजस्व 34.72 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर वित्त वर्ष 2022 में 159.44 करोड़ रुपये हो गया। बता दें कि जेएम फाइनेंशियल और आईआईएफएल सिक्योरिटीज इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।

ड्रोनआचार्य की दिसंबर में लिस्टिंग: पिछले साल दिसंबर में ड्रोन कारोबार से जुड़ी कंपनी ड्रोनआचार्य एरियल इनोवेशन का आईपीओ आया था और यह बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध हुई थी। इस आईपीओ ने निवेशकों को मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।

 

 

#IPO

Source : Agency

पाठको की राय