कटरा से जबलपुर स्पेशल ट्रेन का टाइम टेबल बदला
जबलपुर
वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए कटरा से जबलपुर तक की यात्रा हेतु संचालित श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन 01450 की स्पीड बढ़ गई है। इसलिए कटरा से जबलपुर तक चलने वाली श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन का टाइम टेबल बदल दिया गया है। यह परिवर्तन मुरैना से जबलपुर तक के स्टेशनों पर उतरने एवं चढ़ने वाले यात्रियों को प्रभावित करेगा। पहले यह ट्रेन 31:30 घंटे में अपनी यात्रा पूरी करती थी लेकिन अब सवा घंटे पहले 30:15 घंटे में यात्रा पूरी कर लेगी।
श्री माता वैष्णो देवी स्पेशल ट्रेन का नया टाइम टेबल
रेलवे प्रशासन के मुताबिक कटरा-जबलपुर के बीच संचालित स्पेशल ट्रेन 01450 श्रीमाता वैष्णोदेवी हर बुधवार को रवाना होती है। ये ट्रेन कटरा स्टेशन से रात 10:30 बजे रवाना होती है। अभी ये ट्रेन जबलपुर में तीसरे दिन सुबह 6:00 बजे पहुंचती है। 6 अक्टूबर से इस ट्रेन की टाइमिंग में बदलाव किया जा रहा है। ये ट्रेन कटरा से अपने तय समय पर ही रवाना होगी, लेकिन जबलपुर में यह सुबह 4:45 बजे पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक पश्चिम मध्य रेलवे के क्षेत्र में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ा दी गई है। इसकी वजह से इस ट्रेन के समय में सवा घंटे की बचत हो रही है। गाड़ी संख्या 01450 श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा-जबलपुर स्पेशल ट्रेन कटरा स्टेशन से रात 10:30 बजे रवाना होकर ग्वालियर स्टेशन अगली शाम 7:18 बजे, झांसी स्टेशन रात 8:45 बजे, मालखेड़ी स्टेशन रात 10:53 बजे पहुंचेगी।
सागर स्टेशन रात 11:45 बजे, दमोह स्टेशन रात 01:00 बजे, कटनी मुड़वारा स्टेशन रात 02:55 बजे और जबलपुर स्टेशन तीसरे दिन सुबह 04:45 बजे पहुंचेगी। श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा स्टेशन से लेकर मुरैना स्टेशन के बीच समय सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह गाड़ी कुल 28 स्टेशनों पर रुकती है। यह ट्रेन पूरी तरह आरक्षित है। कंफर्म टिकट वालों को ही इसमें यात्रा करने की अनुमति है।

पाठको की राय