Tuesday, October 20th, 2026

कटनी टनल हादसा 28 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन,2 मजदूरों की मौत

कटनी

कटनी के स्लीमनाबाद में बरगी नहर की निर्माणाधीन सुरंग धंसने से फंसे 2 मजदूरों को बचाया नहीं जा सका। शनिवार शाम 7.30 बजे हुए हादसे में 9 मजदूर दब गए थे। 7 मजदूरों को रविवार दोपहर से पहले तक रेस्क्यू कर लिया गया था। गृह विभाग के ACS राजेश राजौरा ने बताया कि शेष बचे 2 मजदूर गोरेलाल कोल और रवि (सुपरवाइजर) को बचाया नहीं जा सका है। रेस्क्यू ऑपरेशन 28 घंटे चला।

 इनमें से सात को बचाव दल ने 14 घंटे के भीतर सकुशल निकाल लिया था।

स्लीमनाबाद एसडीओपी मोनिका तिवारी के अनुसार गड्ढे में फंसे मजदूर गोरेलाल कोल पुत्र भागीरथी कोल (30) निवासी ग्राम बड़कुर थाना चितरंगी जिला सिंगरौली और सुपरवाइजर रवि मशालकर पुत्र शालिगग्राम मशालकर के शव को रात तकरीबन 12 बजे निकालकर पोस्टमार्टम के लिए कटनी जिला अस्तपाल भेजा गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की सघन जांच जारी है।

बता दें कि नर्मदा पर बने बरगी बांध का पानी विंध्य इलाके तक पहुंचाने के लिए स्लीमनाबाद में बरगी नहर व्ययवर्तन परियोजना के तहत भूमिगत नहर (अंडरग्राउंड टनल) बनाने का काम चल रहा है। इस कार्य में लगी टनल बोरिंग मशीन(टीवीएम) में आई खराबी को सुधारने के लिए मशीन तक पहुंचने के लिए खोदे जा रहे कुआंनुमा गड्ढे का दो हिस्सा शनिवार की रात तकरीबन आठ बजे धंसक गया। जिसमें नौ श्रमिक 25 फीट की गहराई में दब गए। प्रशासन को हादसे की सूचना मिलने के बाद यहां पर श्रमिकों को बचाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीइआरएफ की टीम को बुलाकर राहत बचाव कार्य में लगाया गया। वहीं पुलिस, प्रशासन और नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर जमे रहे।

इस तरह बचाए गए मजदूरः हादसे के ठीक एक घंटे बाद बचाव दल के जवान क्रेन के सहारे टनल में उतरे और श्रमिक दीपक कोल पुत्र हिचलाल कोल (35), नर्मदा कोल पुत्र काशी प्रसाद कोल (40), मोनीदास कोल पुत्र शिवकरण कोल (31) तीनों निवासी बड़कुर ग्राम जिला सिंगरौली चितरंगी को निकाला। इसके बाद बचाव दल ने क्रेन में लगी ट्राली के सहारे गड्ढे में उतरकर रात दो बजे के बाद श्रमिक विजय कोल पुत्र राममिलन (35) सिंगरौली और इंद्रमणी कोल पुत्र राजे कोल (30) निवासी दोनों ग्राम बड़कुर थाना चितरंगी जिला सिंगरौली को निकाला। बचाव दल ने रविवार सुबह करीब 10 बजे मोतीलाल कोल (30) निवासी ग्राम बड़कुर थाना चितरंगी व नंदकुमार यादव निवासी नोडिहवा थाना चितरंगी जिला सिंगरौली को बाहर निकाला।

 

#कटनी टनल हादसा

Source : Agency

पाठको की राय