Tuesday, October 20th, 2026

चेहरे के ग्लो के लिए टूथपेस्ट का इस्तेमाल करती थी करीना

करीना कपूर खान अपने आप में ही किसी ब्रैंड से कम नहीं है। वह जिस भी प्रोजेक्ट से जुड़ती हैं, वो मुनाफा जरूर कमाता है। यही तो वजह है कि फिल्मों से लेकर विज्ञापनों में इस अदाकारा को लेने की होड़ सी लगी रहती है। जाहिर सी बात है कि इसके लिए बेबो मोटी फीस भी लेती हैं, जिसे वह लग्जरी लेबल्स का सामान खरीदने पर खर्च करती नजर आती हैं। लेकिन जब बात स्किन केयर की हो, तो वह महंगे प्रॉडक्ट्स पर पैसे लुटाने की जगह किचन में मौजूद साधारण सी चीजों का पैक बनाकर लगाने में विश्वास रखती हैं। इसे उन्होंने अपने प्रेग्नेंसी पीरियड के दौरान भी जमकर फॉलो किया, जिसने उनकी स्किन को हमेशा खिला-खिला रखा।

स्किन पर लगाया टूथपेस्ट

अपनी किताब 'प्रेग्नेंसी बाइबल' में करीना कपूर ने दोनों प्रेग्नेंसी के दौरान के अनुभव खुलकर साझा किए हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें उन्होंने ये भी बताया कि कैसे जेह के गर्भ में होने के दौरान उन्हें स्किन प्रॉब्लम्स होना शुरू हो गई थीं। अदाकारा को ऐक्ने और स्पॉट्स जैसी समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इससे राहत पाने के लिए उन्होंने दांत साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाले मंजन यानी टूथपेस्ट को लगाया। अदाकारा ने ये भी शेयर किया कि वह जानती थीं कि ये सब हॉर्मोन्स के कारण हो रहा है और उन्होंने धैर्य बनाए रखा। कुछ समय बाद उनकी त्वचा अपने आप बेहतर होती गई।

घर पर बनाकर लगाए फेसपैक

करीना ने अपनी किताब को लेकर करण जौहर से हुई बातचीत में शेयर किया था कि वह केमिकल बेस्ड प्रॉडक्ट्स से दूर रहीं और उन्होंने किचन में मौजूद चीजों से ही पैक्स बनाकर अपने चेहरे पर लगाए। वह पपीते और दही को मिलाकर एक पैक बनाती थीं, जिसे लगाने पर उनकी त्वचा को ठंडक और स्किन इरिटेशन से राहत मिला करती थी।

चने के आटे का पैक

इसके अलावा करीना चने के आटे का पैक भी बनाती थी। वह मुल्तानी मिट्टी को भी चेहरे पर अप्लाई करती थीं। वहीं थकी हुई आंखों को ठंडक देने के लिए वह खीरे के स्लाइस लगाती थीं। इन्हें वह चेहरे के बाकी हिस्सों पर भी रखा करती थीं। उन्होंने शेयर किया कि वह इन पैक्स को भी ज्यादा इस्तेमाल करने से बचती थीं और घर के नुस्खों को सिर्फ 15 दिन में एक बार ट्राइ किया करती थीं।

बादाम के तेल का इस्तेमाल

महंगी क्रीम्स की जगह करीना कपूर को बादाम का तेल लगाना ज्यादा पसंद आता है। विटमिन-ई से भरपूर इस ऑइल को वह प्रेग्नेंसी के दौरान अपने पूरे शरीर पर लगाया करती थीं। फेस पर लगाने के लिए वह इसमें दही भी मिलाती थीं। बेबो ने ये भी बताया कि वह इसे तैमूर तक पर लगाती थीं। अदाकारा ने शेयर किया था कि बादाम के तेल का नुस्खा उन्होंने अपनी ग्रैंडमदर और मां से सीखा है।

 

Source : Agency

पाठको की राय