Saturday, October 24th, 2026

बिहार आकर कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे कन्हैया कुमार

पटना
बिहार में दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव में महागठबंधन के साथी राजद और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर विवाद छिड़ गया और दोनों दलों ने अलग-अलग अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिये. वहीं कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत के लिए पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है. बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा ने इस चुनाव में कन्हैया कुमार के बिहार आगमन को लेकर भी बातें प्रेस कांफ्रेंस के जरिये की.

मदन मोहन झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये बताया कि कन्हैया कूमार कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं. और चुनाव के कार्यक्रम में अगर हम उन्हें बुलाएंगे तो वो जरूर आएंगे. लेकिन अभी इस बारे में कोई बात-चीत नहीं हुई है. कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने भी इस बात पर सहमति जताई.

बता दें कि मदन मोहन झा ने महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर हुए विवाद के बारे में कुछ बातों को स्पस्ट करने प्रेस कांफ्रेंस किया था. जिसमें राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के उन दावों को भी बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने खारिज किया जिसमें जगदानंद सिंह ने कहा था कि सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस से सहमति बन चुकी थी और प्रत्याशी के नामों की घोषणा के पहले उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को तीन बार फोन किया था.

गौरतलब है कि वामपंथ के नेता व लोकसभा चुनाव में बेगूसराय से प्रत्याशी रहे कन्हैया कुमार ने हाल में ही कांग्रेस का दामन थाम लिया. जिसके बाद बिहार की राजनीति में भी हलचलें पैदा हुई. महागठबंधन के अंदर राजद और कांग्रेस के बीच दरार भी सामने दिखा जब राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी कांग्रेस नेतृत्व पर जमकर बरसे.

बता दें बिहार में दो सीटों पर उपचुनाव है. 30 अक्टूबर को मतदान होना है. वहीं एनडीए ने एकजुट होकर ताकत झोंक दी है तो राजद और कांग्रेस अलग-अलग ही चुनावी मैदान में कूदी है. कांग्रेस का कहना है कि वो महागठबंधन के अन्य घटक दलों से बात करेगी और चुनाव में साथ देने का अनुरोध करेगी.

 

#Kanhaiya Kumar

Source : Agency

पाठको की राय